PlayBreaking News

तेल से लेकर ईरान जंग तक...पीएम मोदी और मार्को रुबियो की बैठक में क्या-क्या हुआ तय?

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर व्यापार, तेल, रक्षा और ईरान संकट जैसे बड़े मुद्दों पर चर्चा की। अमेरिका ने भारत को ज्यादा ऊर्जा सप्लाई की बात कही, जबकि पीएम मोदी ने शांति और बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने पर जोर दिया। जानिए बैठक की पूरी अंदर की कहानी।
Follow on Google News
पीएम मोदी और मार्को रुबियो की बैठक में क्या-क्या हुआ तय?
पीएम मोदी और मार्को रुबियो

भारत और अमेरिका के रिश्तों को नई मजबूती देने की कोशिशों के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। नई दिल्ली में हुई इस हाई प्रोफाइल बैठक में व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, तकनीक और ईरान संकट जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। खास बात यह रही कि अमेरिका ने भारत को ऊर्जा सप्लाई बढ़ाने की इच्छा जताई, जबकि पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच शांति और कूटनीति का रास्ता अपनाने की बात दोहराई। मार्को रुबियो की यह चार दिवसीय भारत यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दुनिया के कई हिस्सों में तनाव बढ़ा हुआ है। वैश्विक बाजार में अस्थिरता के बीच इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।

ट्रंप की तरफ से मोदी को व्हाइट हाउस आने का न्योता

नई दिल्ली पहुंचते ही मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से पीएम मोदी को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण भी दिया। अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने इसकी जानकारी दी। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। माना जा रहा है कि हाल के महीनों में टैरिफ और व्यापारिक मुद्दों को लेकर दोनों देशों के बीच जो दूरी बढ़ी थी, उसे कम करने की कोशिश भी इस बैठक के जरिए की गई।

अमेरिका चाहता है भारत खरीदे ज्यादा तेल और गैस

मार्को रुबियो ने अपनी यात्रा से पहले ही कहा था कि अमेरिका भारत को ज्यादा ऊर्जा उत्पाद बेचने का इच्छुक है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी तेल और गैस भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ सप्लाई में विविधता लाने में मदद कर सकते हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, बैठक में ऊर्जा सुरक्षा को लेकर गंभीर चर्चा हुई। खासतौर पर ऐसे समय में जब ईरान से जुड़े तनाव के कारण वैश्विक तेल बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। रुबियो ने कहा कि अमेरिका नहीं चाहता कि ईरान वैश्विक ऊर्जा बाजार को बंधक बनाए। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने सहयोगी देशों को तेल और ऊर्जा की सप्लाई सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह साथ खड़ा है।

Breaking News

पीएम मोदी ने दिया शांति और बातचीत का संदेश

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की ओर से संदेश दिया कि किसी भी विवाद का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए होना चाहिए। सरकारी बयान के अनुसार बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने शांति प्रयासों के लिए भारत के समर्थन को दोहराया और वार्ता एवं कूटनीति के माध्यम से शांतिपूर्ण ढंग से विवादों को सुलझाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में बढ़ते तनाव को कम करने के लिए सभी देशों को संयम और संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए। भारत लगातार यही कहता रहा है कि युद्ध और टकराव किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हैं।

व्यापार और टेक्नोलॉजी पर भी हुई चर्चा

बैठक में सिर्फ ऊर्जा और अंतरराष्ट्रीय तनाव ही नहीं बल्कि व्यापार और तकनीक के मुद्दे भी केंद्र में रहे। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगोट ने बताया कि रुबियो ने मोदी के साथ अपनी मुलाकात के दौरान अमेरिका-भारत साझेदारी के रणनीतिक महत्व, अमेरिकी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के बीच घनिष्ठ संबंधों और दोनों देशों के लिए प्रमुख आर्थिक और व्यावसायिक अवसरों पर चर्चा क। पिगोट ने बताया कि मोदी और रुबियो ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की, जिसमें राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की 2030 तक व्यापार को दोगुना करने की मिशन 500 पहल से जुड़े प्रमुख निवेश भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: व्हाइट हाउस के बाहर चली गोलियां, ट्रंप थे अंदर... कौन था हमलावर जिसने मचा दी सनसनी?

जयशंकर से भी करेंगे अहम मुलाकात

मार्को रुबियो रविवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में क्वाड, इंडो-पैसिफिक रणनीति, चीन और रक्षा सहयोग जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सकती है। इसके बाद रुबियो आगरा और जयपुर का दौरा करेंगे। मंगलवार को वह क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए फिर दिल्ली लौटेंगे।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts