मेरठ के नीले ड्रम केस की मुस्कान पर आज कोर्ट का फैसला, भाई बोला- ‘जो हमारे भाई के साथ हुआ, वही उनके साथ होना चाहिए’

मेरठ के चर्चित मर्चेंट नेवी अफसर सौरभ राजपूत मर्डर केस में जिला अदालत बुधवार को फैसला सुनाने वाली है। मार्च 2025 में सौरभ की हत्या के मामले में उनकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके बॉयफ्रेंड साहिल पर हत्या का आरोप है। फैसले से पहले सौरभ के भाई राहुल ने दोनों के लिए फांसी की मांग की है।
सौरभ के भाई ने की फांसी की मांग
फैसले से पहले मीडिया से बातचीत में सौरभ के भाई राहुल ने कहा कि परिवार चाहता है कि मुस्कान और साहिल को मौत की सजा मिले। उन्होंने कहा कि जो उन्होंने हमारे भाई के साथ किया है, वही उनके साथ होना चाहिए, फांसी होनी चाहिए उन्हें… राहुल ने बताया कि सौरभ की हत्या के बाद उनका पूरा परिवार बुरी तरह टूट गया। उनके मुताबिक, परिवार के लोग डिप्रेशन में चले गए और किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आगे क्या किया जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सौरभ की ससुराल पक्ष के लोगों का कोई पता नहीं है और सौरभ की बेटी का माइंड वॉश कर दिया गया है।
सौरभ की मां बोलीं- परिवार को इंसाफ की उम्मीद
सौरभ की मां रेणु देवी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि उन्हें प्रशासन से न्याय की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर पूरे देश की नजर है और लोग चाहते हैं कि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिले। रेणु देवी ने दोषियों को सजा मिलने में हो रही देरी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों को सजा मिलनी चाहिए और प्रक्रिया लगातार लंबी नहीं होनी चाहिए।
अदालत में पूरी हो चुकी हैं गवाहियां
वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी और डीजीसी फौजदारी केके चौबे ने पीटीआई को बताया कि अभियोजन पक्ष की सभी गवाहियां पूरी हो चुकी हैं। अभियोजन की ओर से आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला अदालत साक्ष्यों और कानून के आधार पर करेगी।
कचहरी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मेरठ के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज के मुताबिक, दोनों आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कराए जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि साहिल पिछले करीब चार दिनों से शांत और गुमसुम है तथा ज्यादा बातचीत नहीं कर रहा है। दोनों आरोपी पिछले तीन दिनों से अपना अधिक समय पूजा में बिता रहे हैं। फैसले को देखते हुए मेरठ कचहरी परिसर और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नगर पुलिस अधीक्षक विनायक भोसले ने बताया कि कचहरी परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
भोपाल में रिटायर्ड IAS की घर में हत्या, दो दिन पहले रखा नौकर गायब..!
बेटी के DNA टेस्ट की भी उठी थी मांग
सौरभ राजपूत की हत्या के बाद मुस्कान को जेल भेजा गया था। उस समय वह गर्भवती थी। बाद में बेटी के जन्म के बाद सौरभ के परिजनों ने बच्ची के DNA टेस्ट की मांग की थी। अब इस चर्चित हत्याकांड में अदालत के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।



















