कोरोना वाइरसराष्ट्रीय

Covid-19 : शिरडी साई मंदिर में मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग अनिवार्य, महाराष्ट्र के अन्य मंदिरों में भी लागू हुए नियम

मुबई। क्रिसमस और न्यू ईयर की छुट्टियों के चलते महाराष्ट्र के मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इस बीच चीन में खतरनाक होते जा रहे कोरोना संक्रमण का खतरा भारत में भी बढ़ रहा है। संक्रमण को थामने के लिए सरकार तमाम कदम उठा रही है। इसी क्रम में महाराष्ट्र के कई प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं के अलावा स्टाफ के लिए मास्क समेत तमाम Covid 19 गाइडलाइंस को अनिवार्य कर दिया गया है।

जल्द लागू होंगे कोविड प्रोटोकॉल

बताया गया है कि शिरडी के साईबाबा संस्थान को विदेशों में कोविड के बढ़ते प्रकोप के बारे में सतर्क कर दिया गया है। दर्शन के लिए आने वाले साईं भक्तों को मास्क लगाने, सामाजिक दूरी का पालन करने और सेनिटाइजर का इस्तेमाल करने को कहा गया है। उधर, कोल्हापुर के अंबाबाई मंदिर के कर्मचारियों और अन्य स्टाफ के लिए भी मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। हालांकि, इस मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए मास्क की अनिवार्यता अभी नहीं है। महाराष्ट्र के पंढरपुर स्थित भगवान विठ्ठल मंदिर के सूत्रों का कहना है कि यहां कल तक मास्क के संदर्भ में फैसला होने की संभावना है। मुंबई के मुंबादेवी मंदिर के कर्मचारियों को भी अनिवार्य तौर पर मास्क लगाने का निर्देश दिया गया है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं से भी मास्क पहनने का आग्रह किया जा रहा है।

नए साल पर भारी भीड़ होने की संभावना

अधिकारियों के मुताबिक न्यू ईयर के मौके पर मुंबई और राज्य के अन्य मंदिरों में भी भीड़ होने की संभावना है। चीन में कोरोना का BF.7 वैरिएंट तेजी से बढ़ रहा है। इसके 3 मरीज गुजरात और 1 ओडिशा में मिला है। ऐसे में मंदिरों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि धीरे-धीरे मंदिरों के अलावा अन्य पर्यटन स्थलों में भी कोविड संबंधी गाइडलाइंस का पालन शुरू कराया जा सकता है।

शिंदे और फडणवीस ने की बैठक

कोरोना के खतरे के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा निर्देश जारी करने के बाद से ही महाराष्ट्र का स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत ने गुरुवार रात राज्य में कोविड की स्थिति की समीक्षा की और स्वास्थ्य विभाग को इस संदर्भ में निर्देश जारी किए। गौरतलब है कि कोविड 19 की पिछली लहरों में महाराष्ट्र सर्वाधिक संक्रमण वाले राज्यों में शामिल रहा है।

Bhopal News : नए वैरिएंट से MP सरकार अलर्ट, मंत्री सारंग बोले- COVID पॉजिटिव केसों की होगी जीनोम सिक्वेंसिंग

संबंधित खबरें...

Back to top button