भोपालमध्य प्रदेश

Shivraj Cabinet Meeting : MP में विवाहित बेटियों को भी मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति, इन प्रस्तावों को भी मिली मंजूरी

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में कैबिनेट बैठक (Cabinet Meeting) आयोजित हुई। इस कैबिनेट बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। कैबिनेट बैठक में सबसे अहम निर्णय लिया गया है कि अब मध्य प्रदेश में विवाहित बेटियों को भी अनुकंपा नियुक्ति मिलेगी। वर्तमान अनुकंपा नियुक्ति नियम में विवाहित पुत्रियों को अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने का प्रविधान नहीं था।

अनुकंपा नियुक्ति पात्रता बेटों के साथ विवाहित बेटी भी होगी

कैबिनेट बैठक में हुए अहम निर्णयों की जानकारी देते हुए प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि शासकीय कर्मचारी, अधिकारी की मृत्यु होने अब पात्रता बेटों के साथ विवाहित बेटी की भी होगी। ये बहुत ही दूरगामी परिणाम देने वाला निर्णय है और महिला सशक्तिकरण की नीति स्थापित करने वाला निर्णय है।

मध्य प्रदेश में पहली बार विवाहित बेटी को अनुकंपा नियुक्ति दी गई। श्रद्धा मालवीय को पिता आरएस राठौर के दिवंगत होने पर अनुकंपा नियुक्ति मिली है। आरएस राठौर आर्थिक एवं सांख्यिकी संचनालय में अपर संचालक थे। लेकिन उनकी अचानक मौत हो गई। आरएस राठौर के बेटे गणेश ने बहन को अनुकंपा देने के लिए सहमति दी। बता दें कि गणेश राठौर प्राइवेट नौकरी करते हैं।

मुक्त कराई भूमि पर बनेंगी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग

प्रदेश में अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराई गई भूमि पर शहरी क्षेत्रों में मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनाए जाने का कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया गया। साथ ही विकासक को भूमि आवंटित होगी। इसमें वह बिल्डिंग बनाएगा और आवासहीनों को आवास आवंटित किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्र या ऐसे स्थान जहां मल्टी स्टोरी बिल्डिंग नहीं बनाई जा सकती है, वहां भूखंड आवंटन किया जाएगा।

बैगा-सहरिया और भारिया समाज के लोगों को मिलेंगे दुधारू पशु

कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया गया कि सहरिया, बैगा और भारिया जनजाति के लोगों को सरकार दो दुधारू पशु देगी। इसके लिए उन्हें केवल 10% राशि देनी होगी। 90% राशि अनुदान के रूप में सरकार उपलब्ध कराएगी। पहले चरण में 1500 को हितग्राही चिन्हित किए जाएंगे।

इन 20 नए पदों को मिली मंजूरी

कैबिनेट की बैठक में हुए फैसलों की जानकारी देते हुए चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल में 37 नए पद सृजित किए गए हैं। स्टेट डेटा सेंटर तकनीकी रूप से दुरुस्त होगा। डिजास्टर रिकवरी साइट डेवलप होगी। इनके लिए 161 करोड़ का प्रावधान किया गया है। साथ ही पंप हाइड्रो स्टोरेज परियोजना को मंजूरी दी गई। उच्च न्यायालय जबलपुर परीक्षा सेल में 20 नए पदों को मंजूरी मिली है।

प्रदेश में विकास यात्रा जारी है : सीएम

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्री परिषद की बैठक से पूर्व अपने संबोधन में कहा कि संपूर्ण प्रदेश में विकास यात्रा जारी है। जन-जन से संवाद और हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध सुनिश्चित कराना विकास यात्रा का उद्देश्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों के जीवन में आनंद व सकारात्मक बदलाव लाने संभव प्रयास जारी हैं। क्षेत्र में जारी विकास यात्रा MP में सहभागिता के कारण आज मंत्री साथी बैठक में वर्चुअली सम्मिलित हो रहे हैं। सभी के सुझावों को सम्मिलित कर विकास यात्रा को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

सीएम बोले- विकास यात्रा केवल कर्मकांड नहीं है, बल्कि…

सीएम शिवराज ने कहा कि विकास यात्रा केवल कर्मकांड नहीं है, बल्कि यह जनता की जिंदगी को बेहतर करने का अभियान है। एक तरफ जहां हम पूर्ण हुए विकासकार्यों का लोकार्पण कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ नए कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया जा रहा है। सीएम जनसेवा अभियान के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के 83 लाख हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए थे। विकास यात्रा MP के दौरान उनको भी लाभ मिलना प्रारंभ हो जाएगा। योजनाएं से छूटे हुए हितग्राहियों के नाम भी इस दौरान जोड़े जाएंगे।

सीएम ने कहा, आज मैं लाड़ली लक्ष्मी बेटियों से संवाद करूंगा। 3 लाख से अधिक लाड़ली लक्ष्मी बेटियों के खाते में राशि अंतरित की जाएगी।

मध्य प्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button