रूस के साइबेरिया प्रांत में भयानक हादसा हो गया है। कोयला खदान में आग लगने से 52 लोगों की मौत हो गई है। बता दें कि मृतकों में 6 बचाव कर्मी भी शामिल हैं। इस हादसे में 38 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। ये घटना गुरुवार की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पिछले पांच सालों के दौरान होने वाले खदान हादसों में ये सबसे घातक है।

4 लोगों की हालत गंभीर
प्रशासन के अनुसार, 38 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बता दें कि जब ये हादसा हुआ उस वक्त खदान में 285 लोग मौजूद थे।
रूस के राष्ट्रपति ने संवेदनाएं व्यक्त की
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। वहीं केमेरोवो क्षेत्र ने शुक्रवार से रविवार तक तीन दिनों के शोक की घोषणा की है।
घटना की जांच शुरू
रूस की जांच कमेटी ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में घटना की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि जांच में ये पता लगाया जाएगा कि धमाके के पीछे क्या वजह रही है। सरकार का ये कहना है कि घायलों की हर संभव मदद की जाएगी। ये इस तरह की पहली घटना नहीं है। साल 2004 में इसी खदान में मिथेन विस्फोट हुआ था। जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी।