राष्ट्रीय

महाराष्ट्र सरकार रोकेगी श्रद्धा जैसे मर्डर, अंतर धार्मिक शादियों की निगरानी के लिए बनाई कमेटी

विपक्षी एनसीपी ने कहा- सरकार को लोगों की निजी जिंदगी में जासूसी का हक नहीं

मुंबई। दिल्ली में हुए श्रृद्धा वालकर मर्डर के बाद महाराष्ट्र सरकार ने अंतर-जातीय और अंतर-धार्मिक आधार पर शादी करने वाले दंपतियों की जानकारी जुटानी शुरू की है। इसके लिए एक समिति का गठन किया गया है। राज्य के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा को इस समिति का प्रमुख बनाया गया है।

लोढ़ा ने बताया कि श्रद्धा वालकर जैसी घटनाओं को रोकना ही इस समिति का उद्देश्य है। उधर, विपक्षी पार्टी एनसीपी ने इसे एक ‘पीछे ले जाने वाला’ कदम बताया। उसने कहा कि एकनाथ शिंदे सरकार को लोगों के निजी जीवन की जासूसी करने का कोई अधिकार नहीं है।

ताकि, परिवार से दूर नहीं हों लड़कियां

महाराष्ट्र के महिला एवं बाल विकास विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया। इस समिति के अध्यक्ष मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि यह तथ्य हैरान करने वाला है कि श्रद्धा वालकर के परिवार को पता नहीं था कि उसकी 6 महीने पहले हत्या हो गई थी। हम श्रद्धा जैसा एक और मामला नहीं चाहते। समिति का गठन यह सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है कि ऐसे विवाह करने वाली महिलाएं अपने परिवारों से दूर नहीं हों।

क्या करेगी समिति

यह समिति अंतर धार्मिक विवाहों में शामिल उन महिलाओं की जिला स्तर पर निगरानी करेगी, जो शादी के चलते परिवार से अलग हो गई हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें मदद भी की जाएगी। समिति महिलाओं और उनके परिवारों के लिए काउंसलिंग और अन्य मुद्दों को हल करने का एक मंच होगी। इसमें सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्रों के 13 सदस्य होंगे। यह जिला अधिकारियों के साथ नियमित रूप से बैठकें करेगी और पंजीकृत और अपंजीकृत अंतरधार्मिक और अंतरजातीय विवाहों, पूजा स्थलों पर होने वाली शादियों और घर से भागकर किए गए विवाह के बारे में जानकारी जुटाएगी।

मई में हुई थी श्रद्धा की हत्या

श्रद्धा वालकर की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर आफताब पूनावाला ने मई 2022 में कर दी थी। उसने श्रद्धा की गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसके शव के 35 टुकड़े किए और शहर के अलग-अलग हिस्सों में ठिकाने लगाने से पहले तीन हफ्ते तक दक्षिण दिल्ली के महरौली स्थित अपने आवास पर 300 लीटर के एक फ्रिज में रखा था। आफताब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अभी वह जेल में है।

संबंधित खबरें...

Back to top button