Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महाराष्ट्र : सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी महाराज की 35 फीट ऊंची प्रतिमा ढही, PM मोदी ने किया था अनावरण

महाराष्ट्र : सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी महाराज की 35 फीट ऊंची प्रतिमा ढही, PM मोदी ने किया था अनावरण
मुंबई। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के राजकोट किले में मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज की 35 फीट ऊंची प्रतिमा सोमवार को ढह गई। इसका वास्तविक कारण अभी तक पता नहीं चला है। इस प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 दिसंबर 2023 किया था। घटना के बाद, विपक्षी दलों ने राज्य सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि काम की गुणवत्ता पर कम ध्यान दिया गया था।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

अधिकारी ने बताया कि प्रतिमा मालवन स्थित राजकोट किले में दोपहर करीब एक बजे ढही। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ प्रतिमा के ढहने के वास्तविक कारण का पता लगाएंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि जिले में बीते दो-तीन दिनों में भारी बारिश हुई है और तेज हवाएं चली हैं। पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे और क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है। वीडियो देखें...

8 महीने पहले पीएम मोदी ने किया था अनावरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोदी ने नौसेना दिवस के अवसर पर पिछले साल 4 दिसंबर 2023 को प्रतिमा का अनावरण किया था। वह किले में आयोजित समारोहों में भी शामिल हुए थे।

विपक्ष ने की सरकार की आलोचना

राकांपा (एसपी) के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जयंत पाटिल ने कहा, ‘‘राज्य सरकार इस घटना के लिए जिम्मेदार है, क्योंकि उसने उचित देखरेख नहीं की। सरकार ने काम की गुणवत्ता पर बहुत कम ध्यान दिया। इसने केवल कार्यक्रम आयोजित करने पर ध्यान केंद्रित किया, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी को प्रतिमा का अनावरण करने के लिए आमंत्रित किया गया।'' उन्होंने कहा कि मौजूदा महाराष्ट्र सरकार केवल नई निविदा जारी करती है, कमीशन लेती है और उसके अनुसार ठेके देती है। शिवसेना (यूबीटी) विधायक वैभव नाइक ने भी काम की कथित खराब गुणवत्ता के लिए राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर सकती है। प्रतिमा के निर्माण और स्थापना के लिए जिम्मेदार लोगों से पूछताछ होनी चाहिए। महाराष्ट्र के मंत्री दीपक केसरकर ने कहा, ‘‘मुझे घटना के बारे में पूरी जानकारी नहीं है। हालांकि, पीडब्ल्यूडी मंत्री रवींद्र चव्हाण ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम उसी स्थान पर एक नई प्रतिमा स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम मामले को तुरंत और प्रभावी ढंग से हल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे।'' ये भी पढ़ें- Indigo में ऐसा क्या हुआ… जो क्रिकेटर आर अश्विन को आया गुस्सा, हर्षा भोगले ने भी उतार दी एयरलाइंस की लू
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts