Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Mahakumbh 2025 : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संगम में लगाई डुबकी, उत्तराखंड के CM धामी ने परिवार के साथ किया संगम स्नान

Follow on Google News
Mahakumbh 2025 : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संगम में लगाई डुबकी, उत्तराखंड के CM धामी ने परिवार के साथ किया संगम स्नान
प्रयागराज। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ-2025 के त्रिवेण संगम में सोमवार को डुबकी लगाई। उन्होंने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। स्नान से पहले मां गंगा को पुष्प अर्पित किए। मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन और आरती की। महाकुंभ में श्रद्धाभाव से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की संख्या का आंकलन करें तो औसतन 1.44 करोड़ लोग हर रोज त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं।

विशेष विमान से प्रयागराज पहुंचीं राष्ट्रपति

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति सुबह विशेष विमान से प्रयागराज हवाई अड्डे पर पहुंचीं, जहां राज्य की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। वहां से वह अरैल पहुंचीं और नाव से संगम पहुंचकर स्नान किया।

पक्षियों को दाना भी डाला

अधिकारियों के अनुसार, नाव से संगम घाट जाते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति मुर्मू को गंगा और यमुना नदी तथा उसके प्रवाह के बारे में जानकारी दी। नाव से घाट जाते समय राष्ट्रपति ने साइबेरियाई पक्षियों को दाना भी डाला। संगम में स्नान करने के उपरांत मुर्मू ने गंगा में नारियल और पुष्प अर्पित किए तथा सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। डुबकी लगाने के दौरान राष्ट्रपति को सफेद रंग के सलवार-सूट पहने देखा गया। स्नान के बाद राष्ट्रपति ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच, गंगा आरती तथा पूजा-अर्चना की। इसके बाद राष्ट्रपति लेटे हनुमान मंदिर पहुंचीं। यहां दर्शन-पूजन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने परिवार संग लगाई आस्था की डुबकी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को परिवार संग त्रिवेणी संगम में स्नान किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री धामी ने महाकुंभ को धार्मिक महापर्व बताया और कहा कि संगम में डुबकी लगाना पुण्य का काम है। संगम में स्नान के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह बड़े सौभाग्य की बात है कि मुझे भी यहां डुबकी लगाने का अवसर मिला। प्रयागराज देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां आकर मन को असीम शांति और ऊर्जा मिलती है।''

2027 में होने वाले हरिद्वार कुंभ की तैयारियों का किया जिक्र

धामी ने हरिद्वार में 2027 में होने वाले कुंभ की तैयारियों का भी जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार अभी से इसकी तैयारी में जुट गई है, ताकि वहां होने वाले कुंभ को भी प्रयागराज की तरह ऐतिहासिक और सुविधाजनक बनाया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड सरकार महाआयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराएगी। साथ ही आयोजन को भव्य एवं दिव्य बनाया जाएगा। संगम स्नान के दौरान मुख्यमंत्री धामी बच्चे के साथ लहरों में हंसी-ठिठोली करते दिखाई दिए।

महाकुंभ में आस्था का जन सागर

प्रयागराज महाकुंभ में आस्था का ‘जन' सागर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले करीब एक महीने से संगम की रेती पर नहीं बल्कि प्रयागराज की गली, चौराहे जन सैलाब से सराबोर हैं। जिला और पुलिस प्रशासन की लाख कवायद के बावजूद जाम की समस्या से त्रस्त शहर में यातायात रेंग रहा है। प्रयागराज को जोड़ने वाले हर रास्ते पर हजारों की संख्या में वाहन में श्रद्धालुओं को देखा जा सकता है। उत्साह इस कदर है कि सैकड़ों, हजारों किमी का सफर तय करने के बाद देश दुनिया के सनातनी ट्रैफिक समस्या से निजात पाने के लिए 10 से 20 किमी की दूरी पैरों से नाप रहे हैं। वहीं संगम तक की दूरी को छोटा करने के लिए सामान ढोने वाले ट्रॉली रिक्शा का भी सहारा लेने से लोग चूक नहीं रहे हैं।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts