Mahadev Betting App Case : महादेव सट्टा ऐप का मालिक सौरभ चंद्राकर दुबई में गिरफ्तार, भारत लाने की प्रोसेस शुरू

रायपुर। महादेव बेटिंग एप मामले में भारत की जांच एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। ऐप का संचालन करने वाले सौरभ चंद्राकर को इंटरपोल के अधिकारियों ने दुबई से गिरफ्तार कर लिया है। प्रवर्तन निदेशालय के आग्रह पर इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। 7 दिन के अंदर भारत लाया जा सकता है। सौरभ चंद्राकर को भारत और फिर जल्द ही रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है।
कौन है सौरभ चंद्राकर
सौरभ चंद्राकर छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला है, उसके पिता नगर निगम में पंप ऑपरेटर थे। सौरभ की जूस की दुकान भी थी। 2019 में वह दुबई गया और अपने एक दोस्त रवि उप्पल को भी बुला लिया। इसके बाद उसने महादेव ऐप लॉन्च किया और फिर धीरे-धीरे ऑनलाइन सट्टेबाजी बाजार में बड़ा नाम बन गया।D कंपनी से भी कनेक्शन
महादेव ऐप के मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर का D कंपनी (दाऊद इब्राहिम) से भी कनेक्शन है। देश के कई राज्यों में महादेव ऐप के खिलाफ केस दर्ज है। ऐप को लेकर ED में भी शिकायत दर्ज की गई है। इससे पहले दिसंबर 2023 को भी सौरभ चंद्राकर को दुबई में हिरासत में लेने के बाद 'घर में नजरबंद' किया गया था।क्या है महादेव बेटिंग ऐप ?
महादेव बेटिंग ऐप केस एक हाई-प्रोफाइल घोटाला है, जिसमें एक ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म शामिल है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट, पोकर, कार्ड गेम, बैडमिंटन, टेनिस, फुटबॉल और यहां तक की चुनावों में भी अवैध तरीके से सट्टा लगाया जाता है। अवैध सट्टे के नेटवर्क के जरिये ऐप का जाल तेजी से फैला और सबसे ज्यादा खाते छत्तीसगढ़ में खुले। इस ऐप से धोखाधड़ी के लिए एक पूरा खाका बनाया गया था।




















