मैहर के स्कूल में शुद्धिकरण विवाद, प्राचार्य के समर्थन में उतरा ब्राह्मण समाज

मैहर। ब्राह्मण समाज ने चेतावनी दी है कि दबाव में आकर निर्दोष प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। विवाद के बीच अब प्रशासनिक जांच की रिपोर्ट का इंतजार है।
स्कूल में गंगाजल छिड़कने पर विवाद
विद्यालय में प्रभार हस्तांतरण के दौरान गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण करने के आरोपों को लेकर विवाद बढ़ गया है। भीम आर्मी ने इसे जातिगत भेदभाव का मामला बताते हुए स्कूल परिसर में धरना दिया और संबंधित प्राचार्य पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़ें: छपारा में सीताफल मंडी पर वन विभाग की कार्रवाई, दो व्यापारियों का माल जब्त
प्राचार्य के समर्थन में आया ब्राह्मण समाज
भीम आर्मी के विरोध-प्रदर्शन के बाद अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने प्राचार्य का समर्थन किया है। समाज ने पूरे विवाद को निराधार बताते हुए कहा कि किसी भी दबाव में आकर निर्दोष प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
सामान्य सरस्वती पूजा का बताया मामला
संगठन के प्रदेश सचिव सतीश चौबे ने कहा कि विद्यालय में सामान्य सरस्वती पूजा का धार्मिक अनुष्ठान हुआ था, जिसे जबरन शुद्धिकरण का नाम देकर जातिगत रंग दिया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच कराने की मांग की है।
बिना ठोस आधार दोषी नहीं ठहराने की मांग
ब्राह्मण समाज ने कहा कि मामले में बिना ठोस आधार के किसी को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। संगठन ने प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की जांच कर वास्तविक तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने की मांग की है।
प्रशासनिक जांच पर टिकी निगाहें
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल है। एक तरफ जातिगत भेदभाव का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ पूजा को गलत तरीके से पेश करने की बात कही जा रही है। अब सबकी निगाहें प्रशासनिक जांच की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




















