Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छपारा में सीताफल मंडी पर वन विभाग की कार्रवाई, दो व्यापारियों का माल जब्त

सिवनी के छपारा में सीताफल संग्रहण पर प्रतिबंध के बावजूद मंडी में फल पहुंचने पर वन विभाग ने कार्रवाई की। दो व्यापारियों का माल जब्त किया गया। संग्रहण पर 31 अक्टूबर 2026 तक रोक है।
छपारा में सीताफल मंडी पर वन विभाग की कार्रवाई, दो व्यापारियों का माल जब्त

छपारा। सिवनी जिले के छपारा में सीताफल संग्रहण पर प्रतिबंध के बावजूद बाजार में फल पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग ने रविवार सुबह सीताफल मंडी में कार्रवाई की। विभागीय टीम ने जांच के दौरान दो व्यापारियों का सीताफल जब्त किया। कार्रवाई के समय छपारा वन परिक्षेत्र अधिकारी स्वाति सिन्हा सहित वन विभाग का अमला मौजूद रहा।

प्रतिबंध के बावजूद मंडी में पहुंच रहा था सीताफल

वन विभाग को जानकारी मिली थी कि वनक्षेत्रों से सीताफल तोड़कर बाजार में लाया जा रहा है और व्यापारी इसकी खरीदी कर रहे हैं। सूचना के बाद विभाग की टीम छपारा की सीताफल मंडी पहुंची। यहां जांच के दौरान दो व्यापारियों के पास से सीताफल जब्त किया गया। वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद मंडी में हलचल मच गई। विभाग का कहना है कि फिलहाल सीताफल कच्चा आ रहा है। ऐसे में निर्धारित समय से पहले फल तोड़ने और बाजार में बेचने पर रोक से जुड़े आदेश का पालन कराया जा रहा है।

‘जंबो सीताफल’ की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर

जिला प्रशासन के अनुसार सिवनी के सीताफल को जीआई टैग के तहत पहचान मिली है। इसकी ब्रांडिंग ‘जंबो सीताफल’ के नाम से की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि समय से पहले कच्चे फल तोड़ने से उनकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इसी वजह से वनक्षेत्रों में सीताफल संग्रहण पर प्रतिबंध लगाया गया है ताकि फल को उचित समय पर तोड़ा जा सके और उसकी गुणवत्ता बनी रहे।

31 अक्टूबर तक संग्रहण पर रोक

उत्तर सामान्य वन मंडल के वनक्षेत्रों में समय से पहले सीताफल संग्रहण पर प्रतिबंध लगाया गया है। जारी आदेश के अनुसार, सीताफल संग्रहण वाले वनक्षेत्रों को 31 अक्टूबर 2026 तक इसके संग्रहण के लिए निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: खिलचीपुर में बराई माता मंदिर में नवरात्रि की तैयारियां पूरी, सुरक्षा और सफाई व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा

अधिकारियों ने क्या कहा?

छपारा वन परिक्षेत्र अधिकारी स्वाति सिन्हा ने बताया कि जिला कलेक्टर और डीएफओ के निर्देशन में सीताफल व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। फिलहाल बाजार में कच्चा सीताफल आ रहा है। इस संबंध में जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं और आदेश के पालन में कार्रवाई की गई है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts