Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Weather Update :एमपी में मौसम का यू-टर्न! नौतपा के आखिरी दिन कई जिलों में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में नौतपा के आखिरी दिन भी मौसम बदला हुआ है। 45 जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। कई शहरों में तापमान 5 डिग्री तक गिर गया है। मौसम विभाग के अनुसार 5 जून तक राहत बनी रहेगी, जबकि मानसून की एंट्री इस बार 5 से 7 दिन देरी से हो सकती है।
एमपी में मौसम का यू-टर्न! नौतपा के आखिरी दिन कई जिलों में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में इस बार नौतपा भीषण गर्मी के बजाय बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि के लिए याद किया जाएगा। पिछले आठ दिनों से सक्रिय प्री-मानसून सिस्टम के कारण पूरे प्रदेश का मौसम बदला हुआ है। तापमान में गिरावट आई है और लू का असर लगभग खत्म हो गया है।

45 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मंगलवार को नौतपा के अंतिम दिन भी प्रदेश के 45 जिलों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने धार और बड़वानी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं आगर-मालवा और राजगढ़ में ओले गिरने की आशंका है। कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

कई जिलों में हुई झमाझम बारिश

सोमवार को खंडवा, नीमच, पांढुर्णा, उज्जैन, गुना, शिवपुरी, टीकमगढ़ और सीहोर सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई जगह धूलभरी आंधी के बाद तेज बारिश हुई। बारिश से किसानों और व्यापारियों को भी नुकसान हुआ। शाजापुर की अकोदिया मंडी में खुले में रखी फसल और उपज भी भीग गई।

तापमान में आई बड़ी गिरावट

लगातार बारिश और बादलों के कारण प्रदेशभर में तापमान कम हुआ है। खंडवा में रात का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि पचमढ़ी में भी रातें ठंडी बनी हुई हैं। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत अधिकांश बड़े शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। कई जिलों में तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री तक कम रहा।

ये भी पढ़ें: National Weather : नौतपा के बीच 23 राज्यों में बदला मौसम, आंधी-बारिश से कई शहरों में बड़ी राहत, जल्द एंट्री लेगा मानसून

मानसून की एंट्री में हो सकती है देरी

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसम प्रणालियों के कारण बारिश का दौर जारी है। हालांकि मानसून की रफ्तार धीमी होने से इस बार मध्य प्रदेश में मानसून सामान्य समय से 5 से 7 दिन देरी से पहुंच सकता है। अनुमान है कि मानसून 20 से 22 जून के बीच प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।

मई में दिखे मौसम के दो रंग

मई महीने की शुरुआत और मध्य में प्रदेश ने भीषण गर्मी का सामना किया। खजुराहो में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था। लेकिन नौतपा शुरू होते ही मौसम ने करवट ली और प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज हुई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार मई में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है।

अगले चार दिन भी राहत के आसार

मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश, आंधी और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा। फिलहाल कहीं भी लू चलने की संभावना नहीं है। ऐसे में जून के शुरुआती दिनों में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts