रीवा में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक की टक्कर में 3 की मौत, 8 यात्री गंभीर

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में बुधवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। बस और ट्रक की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में कई अन्य यात्रियों के घायल होने की भी सूचना है।
पीछे से बस को मारी टक्कर
हादसा गुढ़ नेशनल हाईवे नंबर-39 पर बदवार स्टैंड के पास बुधवार शाम करीब 5 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, रीवा से सीधी जा रही बघोर ट्रैवल्स की बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया, जबकि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी।
बस में करीब 40 यात्री थे सवार
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। कई अन्य यात्रियों के भी घायल होने की सूचना है।
रेस्क्यू में जुटी पुलिस-प्रशासन की टीम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




















