
पूरे देश में वक्फ कानून को लेकर प्रदर्शन लगातार जारी है। हाल ही में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में इसे लेकर विवाद देखने को मिला। इसके बाद बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने इसे लेकर एक बयान दिया है। बुधवार को एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में वक्फ कानून लागू नहीं होगा। वह माइनॉरिटी के लिए और उनके हक के लिए सवाल उठाएंगी। इसके साथ उन्होंने कहा कि ‘मुझपर भरोसा रखें, ऐसा कुछ भी नहीं होने दूंगी।’ दरअसल, बीते दिन वक्फ कानून को लेकर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन जारी है। मुर्शिदाबाद में भी 8 फरवरी को हिंसा भड़की, जिसके कारण प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की और गाड़ियों में आग लगा दी।
दीदी आपकी संपत्ति की रक्षा करेंगी- ममता
आगे ममता ने कहा- ‘बांग्लादेश की स्थिति देखकर इसे पारित नहीं करना चाहिए। अरे आपको तो जियो और जीने दो का संदेश देना चाहिए। आपको सुरक्षित रखना मेरा काम है। मैं विनती करना चाहती हूं की अगर कोई भी आपको राजनीतिक रूप से उकसाता है, तो बहकावे में न आए। कृपया याद रखें कि दीदी आपकी और आपकी संपत्ति की रक्षा करेंगी। अगर हम साथ रहेंगे, तो हम दुनिया जीत सकते हैं।’
विश्व नवकार महामंत्र दिवस कार्यक्रम में ममता बनर्जी ने कहा कि वे हर धर्म और परंपरा का सम्मान करती हैं। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उन्होंने सभी धर्मों से प्रेम करना सीखा है। ममता ने कहा कि कुछ लोग उनसे पूछते हैं कि वे हर धर्म के कार्यक्रमों में क्यों जाती हैं, तो उनका जवाब होता है—मैं हमेशा जाऊंगी। चाहे कोई गोली मार दे, फिर भी मेरे दिल से एकता और भाईचारा खत्म नहीं हो सकता। हमारे यहां हर धर्म और परंपरा के त्योहार मनाए जाते हैं और सभी धर्मों के लोग इंसानियत के लिए दुआ करते हैं।
संसद ने पारित किया था वक्फ विधेयक
वक्फ विधेयक को बीते गुरुवार को लोकसभा ने पारित किया था। इसके बाद शुक्रवार की सुबह राज्यसभा ने भी इस पर मुहर लगा दी थी। संसद के दोनों सदनों में लंबी बहस के बाद इसे पारित किया गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को विधेयक को अपनी मंजूरी भी दे दी थी। केंद्र सरकार ने इसे लागू करने के लिए बीते दिन ही अधिसूचना जारी की थी।
ये भी पढ़ें- अनूपपुर में दर्दनाक हादसा : बस-ऑटो की भिड़ंत में 3 की मौत, 4 गंभीर घायल, ऑटो के उड़े परखच्चे