
यूपी के लखनऊ में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गई, जब स्टेज पर आई दुल्हन की दूल्हे को वरमाला पहनाने के बाद मौत हो गई। दरअसल, मलिहाबाद क्षेत्र के भदवाना गांव शादी के दौरान दुल्हन दूल्हे को वरमाला पहनाने स्टेज पर पहुंची थी। जिसके बाद दूल्हे को जयमाला पहनाते ही वो अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ी। डॉक्टर के मुताबिक, दुल्हन की मौत हार्ट अटैक से हुई।
क्या है पूरा मामला
मामला मलिहाबाद क्षेत्र के भदवाना गांव का है। यहां रहने वाले राजपाल की बेटी शिवांगी की बुद्धेश्वर के रहने वाले विवेक संग 2 दिसंबर को शादी थी। दूल्हा और दुल्हन जयमाला के लिए स्टेज पर खड़े थे। शिवांगी ने जैसे ही विवेक को वरमाला पहनाई वैसे ही वो चक्कर खाकर गिर गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

किस वजह से हुई मौत?
डॉक्टर ने बताया कि शिवांगी की मौत हार्ट अटैक आने से हुई है। उधर दुल्हन की मौत की खबर सुनते ही लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि, 21 साल की शिवांगी की मौत हार्ट अटैक से हुई है। दूल्हा विवेक भी दुल्हन की मौत से सदमे में है।
शादी के दिन दोपहर में भी बिगड़ी थी तबीयत
बताया जा रहा है कि, शादी से 15-20 दिन पहले भी शिवांगी की तबीयत खराब हुई थी। उस समय उसे बुखार हुआ था, साथ ही डॉक्टर ने शिवांगी का ब्लड प्रेशर लो बताया था। जिसके बाद वो ठीक भी हो गई थी। वहीं शादी वाले दिन ही अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे मलिहाबाद सीएचसी ले जाया गया, चेक करने पर ब्लड प्रेशर लो था। दवा देने और बीपी सामान्य होने पर उसे घर लाया गया। रात को वरमाला के दौरान उसकी मौत हो गई।