Emergency Landing :दुबई से आई फ्लाइट से टकराया पक्षी, लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। दुबई से आ रही एक फ्लाइट से पक्षी टकरा गया, जिसके बाद पायलट ने तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया। विमान सुरक्षित उतर गया, सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।
लैंडिंग से पहले विमान से टकराया पक्षी
जानकारी के मुताबिक, दुबई से लखनऊ आ रही फ्लाइट एफडी-443 शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे लखनऊ पहुंचने वाली थी। एयरपोर्ट के पास पहुंचते ही एक पक्षी विमान से टकरा गया। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग की प्रक्रिया शुरू की और सुबह करीब 7:15 बजे विमान को सुरक्षित उतार लिया।
सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने ली राहत की सांस
विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों और क्रू मेंबर ने राहत महसूस की। एहतियात के तौर पर विमान को रनवे से हटाकर पार्किंग बे में ले जाया गया, जहां उसकी तकनीकी जांच शुरू कर दी गई।
दुबई लौटने वाली उड़ान फिलहाल रोकी गई
यही विमान लखनऊ से दोबारा दुबई के लिए रवाना होने वाला था, लेकिन बर्ड हिट की घटना के बाद उड़ान रोक दी गई है। एयरलाइन के इंजीनियर इंजन और अन्य तकनीकी हिस्सों की जांच कर रहे हैं। सभी सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने के बाद ही विमान को उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी।
क्या होता है बर्ड हिट?
एविएशन की भाषा में 'बर्ड हिट' या 'बर्ड स्ट्राइक' उस स्थिति को कहा जाता है, जब कोई पक्षी उड़ान भरते, उतरते या उड़ान के दौरान विमान से टकरा जाता है। ऐसे हादसे अक्सर एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों की अधिक मौजूदगी के कारण होते हैं। यदि पक्षी इंजन में चला जाए तो विमान को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए ऐसी स्थिति में सुरक्षा के तहत तुरंत जांच की जाती है।











