Rings of Power :अमेजन का बड़ा दांव, ‘रिंग्स ऑफ पावर’ के नए सीजन में दिखेगा एल्व्स-सौरॉन युद्ध

फैंटेसी दुनिया की सबसे चर्चित फ्रेंचाइजी में शामिल ‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स: द रिंग्स ऑफ पावर’ के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अमेजन प्राइम वीडियो ने आधिकारिक तौर पर इसके तीसरे सीजन का ऐलान कर दिया है। लंबे समय से नए सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए यह घोषणा किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं मानी जा रही। खास बात यह है कि मेकर्स ने सिर्फ नए सीजन की पुष्टि ही नहीं की, बल्कि इसकी रिलीज तारीख से भी पर्दा उठा दिया है।
अपफ्रंट्स इवेंट से पहले अमेजन प्राइम वीडियो की घोषणा
न्यूयॉर्क में आयोजित अपफ्रंट्स इवेंट से पहले अमेजन प्राइम वीडियो की ओर से यह बड़ी घोषणा की गई। विज्ञापनदाताओं के सामने अपनी प्रस्तुति से पहले प्लेटफॉर्म ने शो से जुड़ा नया पोस्टर साझा कर सोशल मीडिया पर हलचल बढ़ा दी। पोस्ट सामने आते ही फैंस के बीच इसे लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई और कुछ ही देर में यह खबर दुनियाभर में ट्रेंड करने लगी।
सौरॉन की पहली झलक ने बढ़ाई उत्सुकता
नए पोस्टर में अभिनेता चार्ली विकर्स को सौरॉन के रूप में दिखाया गया है। सिर पर मुकुट लगाए उनके डार्क और दमदार लुक ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा गया, “डार्क लॉर्ड की वापसी। तीसरा सीजन 11 नवंबर, 2026 से शुरू होगा।” इस एक लाइन ने ही दर्शकों के बीच नए सीजन को लेकर रोमांच कई गुना बढ़ा दिया है।
ये भी पढ़ें: इंस्टाग्राम से गायब हुआ प्यार! क्या टूटने की कगार पर है मौनी रॉय और सूरज नांबियार का रिश्ता?
सबसे महंगे शो की फिर होगी वापसी
‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ की दुनिया पर आधारित यह सीरीज पहले ही टीवी इतिहास के सबसे महंगे शोज में गिनी जाती है। लेखक जे. आर. आर. टॉल्किन की कल्पनाओं से बनी मध्य-पृथ्वी की दुनिया को भव्य विजुअल्स और विशाल स्केल पर पेश करने के लिए इस सीरीज को दुनियाभर में सराहा गया था। पहले दो सीजन को मिली प्रतिक्रिया के बाद अब मेकर्स तीसरे सीजन को और बड़े स्तर पर लाने की तैयारी में हैं।
मध्य-पृथ्वी के दूसरे युग की कहानी
‘रिंग्स ऑफ पावर’ की कहानी मध्य-पृथ्वी के पौराणिक द्वितीय युग पर आधारित है, जहां शक्ति, धोखे और युद्ध की कहानी दिखाई जाती है। इस सीजन में सत्ता के लिए संघर्ष और ज्यादा खतरनाक मोड़ लेता नजर आएगा। अब तक की कहानी में कई बड़े किरदारों और राज्यों के बीच बढ़ते तनाव को दिखाया गया था, जिसने आगे आने वाले युद्ध की जमीन तैयार की है।
एल्व्स और सौरॉन के बीच छिड़ेगा बड़ा युद्ध
तीसरे सीजन की कहानी एल्व्स और सौरॉन के बीच होने वाले भयानक युद्ध पर केंद्रित होगी। माना जा रहा है कि आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को अब तक का सबसे बड़ा संघर्ष और कई बड़े ट्विस्ट देखने को मिल सकते हैं। मेकर्स की इस घोषणा के बाद फैंस की निगाहें अब नवंबर 2026 पर टिक गई हैं, जब मध्य-पृथ्वी की यह महागाथा एक बार फिर स्क्रीन पर लौटेगी।











