1 दिसंबर से कम हो जाएगी Loan EMI :RBI घटा सकता है रेपो रेट, होम-ऑटो लोन पर राहत का रास्ता साफ

दिसंबर की शुरुआत के साथ देश में कई बड़े नियम बदलने जा रहे हैं। इसी बीच होम लोन और ऑटो लोन लेने वालों के लिए अच्छी खबर आने की उम्मीद है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि महंगाई कम होने की वजह से RBI रेपो रेट में 0.25% की कटौती कर सकता है। अगर ऐसा हुआ, तो EMI भी कम हो जाएगी।
5 दिसंबर को होगा बड़ा फैसला
RBI की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की बैठक 3 दिसंबर से शुरू होगी। बैठक में लिए गए फैसलों का ऐलान 5 दिसंबर की सुबह 10 बजे RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा करेंगे। इसी दिन रेपो रेट से जुड़ी बड़ी घोषणा की जाएगी।
रेपो रेट कितनी रह जाएगी?
पिछले साल फरवरी से RBI ने रेपो रेट कम करना शुरू किया था और अब तक 100 बेसिस पॉइंट की कटौती की जा चुकी है। फिलहाल रेपो रेट 5.5% है।
एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि इस बैठक में 25 बेसिस पॉइंट (0.25%) और कटौती हो सकती है। अगर यह कटौती होती है, तो रेपो रेट घटकर 5.25% रह जाएगी। यह लोन लेने वालों के लिए राहत की बड़ी खबर होगी।
महंगाई काबू में, इसलिए बढ़ी उम्मीद
पिछले दो महीनों से रिटेल महंगाई (CPI Inflation) सरकार के तय न्यूनतम स्तर 2% से भी नीचे चल रही है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि महंगाई कम होने से RBI के पास रेपो रेट कम करने का अवसर है। हालांकि, कुछ विशेषज्ञ मानते हैं कि 8.2% की मजबूत GDP ग्रोथ को देखते हुए RBI रेट कट करने से बच भी सकता है।
इकोनॉमी में सुधार, RBI हो सकता है सतर्क
कई आर्थिक सुधारों- जैसे फिस्कल कंसोलिडेशन, सार्वजनिक निवेश और GST दरों में कमी—की वजह से अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। इसी वजह से RBI ब्याज दरें स्थिर रखने का फैसला भी कर सकता है।
GST कटौती से भी महंगाई घटी
क्रिसिल के चीफ इकोनॉमिस्ट धर्मकीर्ति जोशी के अनुसार, महंगाई के नीचे आने की बड़ी वजह खाद्य महंगाई में कमी है। उन्होंने बताया कि सोना छोड़कर कोर महंगाई 2.6% रही, जिसे GST में कटौती से मदद मिली। जोशी को उम्मीद है कि दिसंबर में रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती होगी।
बैंकों की रिपोर्ट क्या कहती है?
- HDFC Bank : महंगाई नियंत्रित होने के कारण 25 BPS कटौती की उम्मीद।
- SBI Research : मजबूत GDP ग्रोथ और कम महंगाई के बीच RBI न्यूट्रल रुख बनाए रख सकता है।
- Bank of Baroda : पॉलिसी रेट में बदलाव की संभावना कम।











