
लेजेंड्री सिंगर लता मंगेशकर कोरोना संक्रमित होने के चलते 8 जनवरी से अस्पताल में भर्ती हैं। इसी बीच उनकी खराब सेहत और निधन की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं थीं। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका इलाज कर रहे डॉ. प्रतीत समदानी बताते हैं कि गायिका की तबीयत में सुधार है। वहीं केंद्रीय मंत्री और एक्ट्रेस स्मृति ईरानी सहित बॉलीवुड सेलेब्स ने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
कैसी है अब लता दीदी की सेहत
मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में लता मंगेशकर का इलाज कर रहे डॉ. प्रतीत समदानी बताते हैं कि कल से गायिका की तबीयत में सुधार है, लेकिन उन्हें अभी आईसीयू में डॉक्टर्स की निगरानी में रखा गया है। हमारी टीम लगातार नजर बनाए हुए है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करें।
सेलेब्स ने मांगी लता जी के जल्द ठीक होने की दुआ
अनुपम खेर
अनुपम खेर ने ट्वीट कर गायिका के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। उन्होंने लिखा, “आदरणीय लता मंगेशकर जी। जल्दी स्वस्थ हो कर वापस अपने घर आइए। पूरा राष्ट्र आपके ठीक होने की प्रार्थना कर रहा है!”
किरण खेर
किरण खेर लिखती हैं- ‘जीती जागती लेजेंड भारत रत्न लता मंगेशकर जी के जल्द ठीक होने की कामना करती हूं।’
जल्द घर लौट आएंगी लता दीदी
स्मृति ईरानी ने पोस्ट शेयर कर लिखा, “लता दीदी की फैमिली के ओर से रिक्वेस्ट है कि अफवाहें न फैलाएं। वे इलाज के बाद अब रिकवर हो रही हैं और भगवान के आशीर्वाद से जल्द ठीक होकर घर लौट आएंगी। किसी भी तरह की अटकलों से बचें और लता दीदी के जल्द ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना जारी रखें।”
15 दिनों से चल रहा है इलाज
92 वर्षीय लता मंगेशकर पिछले 15 दिन से आईसीयू में भर्ती हैं। 8 जनवरी को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद लता मंगेशकर को कैंडी ब्रीच हॉस्पिेटल में एडमिट किया गया था। गायिका का इलाज कर रहे डॉक्टर्स के मुताबिक उनको अभी कुछ दिन और डॉक्टर्स की निगरानी में रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें- Lata Mangeshkar को लेकर फैल रही झूठी खबरों पर न करें विश्वास, यहां जानें कैसी है उनकी सेहत