लापता लेडीज के कास्टिंग डायरेक्टर रोमिल ने बताया- कैसे चुने गए फिल्म के कलाकार; बोले- लॉकडाउन के बीच, देशभर से 1000 ऑडिशन के बाद चुनी गईं 'पोस्टर गर्ल्स'

पल्लवी वाघेला। 11 साल बाद किरण राव 'लापता लेडीज' के जरिए एक नई फिल्म लेकर आई हैं। फिल्म कास्टिंग के लिए भी चर्चाओं में है। फिल्म मध्य प्रदेश के लिए इस मायने में भी खास है, क्योंकि इसकी ज्यादातर शूटिंग सीहोर जिले के एक गांव बामुलिया में हुई। किरण राव के प्रोडक्शन हाउस 'किडलिंग पिक्चर्स' के बैनर तले बनी इस फिल्म के प्रोड्यूसर आमिर खान भी हैं। फिल्म 1 मार्च को रिलीज हो रही है। फिल्म के कास्टिंग डायरेक्टर रोमिल ने पल्लवी वाघेला को बताई कलाकारों के सिलेक्शन की कहानी...
फरवरी, 2021 में आया कॉल
मैं इससे पहले न्यूटन, शेरनी और बुधिया सिंह-बोर्न टू रन जैसी फिल्मों की कास्टिंग कर चुका था। जहां तक बात लापता लेडीज की जर्नी की है, तो फरवरी, 2021 की शुरूआत में को-प्रोड्यूसर तानाजी दासगुप्ता का मैसेज मिला। उन्होंने कहा कि वो किडलिंग पिक्वर्स से बात कर रहे हैं। किरण राव की एक फिल्म है, उसके लिए कास्टिंग करनी है। किसी कारण से मैं और मेरे साथी मीटिंग के लिए करीब 45 मिनिट लेट पहुंचे। मुझे लगा कि फिल्म तो हाथ से गई, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। बातचीत के बाद मैंने किरण राव से कहा कि 'दिस इज ए मास्टर पीस... एंड थैंक्यू फॉर चूजिंग दिस स्क्रिप्ट एंड यू मस्ट मेक दिस।'काम शुरू हुआ ही था कि लगा लॉकडाउन
हमने कास्टिंग शुरू ही की थी कि सेकंड लॉकडाउन लग गया। हालांकि लॉकडाउन लगने से पहले हमने आउट सोर्सिंग शुरू कर दी थी। सोशल मीडिया की सहायता ली। किरण राव की एक ही नीड थी कि उन्हें पोस्टर गर्ल्स चाहिए... परफॉमर चाहिए। अगर आप फिल्म देखेंगे, तो पता चल जाएगा कि इसमें आर्टिस्ट की परफॉर्मेंस ही सबकुछ है।




















