People's Exclusive: कोलार में ‘महाहादसे’ का खतरा! 8 मंजिला इमारत के पास पहुंचा पानी, गाड़ियां जमीन में समाईं

भोपाल के कोलार इलाके के दानिशकुंज में भारी बारिश के बीच जमीन धंसने से हड़कंप मच गया। वार्ड नंबर 83 में आम्रवेली रिहायशी परिसर के बाहर सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया। यहां खड़ी कई गाड़ियां गड्ढे में फंस गईं और जमीन में समा गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से गाड़ियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया।
8 मंजिला इमारत के पास धंसी जमीन
बताया जा रहा है कि जिस जगह जमीन धंसी है, वहां से आम्रवेली की 8 मंजिला इमारत कुछ ही फीट की दूरी पर है। जमीन धंसने के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय स्तर पर यह भी आशंका जताई जा रही है कि नदी का पानी इमारत की नींव के आसपास पहुंच रहा है। अगर जमीन का कटाव इसी तरह जारी रहा तो आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ सकती है। हालांकि, इमारत की संरचनात्मक स्थिति और वास्तविक खतरे का पता प्रशासनिक और तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा।
NGT नियमों पर भी उठे सवाल
घटना के बाद इलाके में निर्माण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि यह क्षेत्र कलियासोत नदी के कैचमेंट एरिया के करीब है और यहां निर्माण को लेकर पहले से आपत्तियां उठती रही हैं। अब सवाल यह है कि क्या इस इलाके में हुए निर्माण और नदी के आसपास की जमीन की स्थिति की जांच की जाएगी? NGT के नियमों के उल्लंघन को लेकर भी संबंधित विभागों की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भारी बारिश से पहले ही बिगड़े हालात
सबसे बड़ी चिंता यह है कि बारिश के दौरान जमीन धंसने की घटना सामने आई है। अगर आने वाले दिनों में बारिश और नदी का जलस्तर बढ़ता है, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। गाड़ियों को बाहर निकालने के साथ-साथ जमीन धंसने के कारणों और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।



















