Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

खाटू श्यामजी मंदिर में VIP दर्शन के नाम पर ठगी, गिरोह का सरगना गिरफ्तार

सीकर के प्रसिद्ध खाटू श्यामजी मंदिर में वीआईपी और प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन मोबाइल फोन मिले हैं, जिनमें लाखों रुपये के लेन-देन से जुड़े सबूत सामने आए हैं।
खाटू श्यामजी मंदिर में VIP दर्शन के नाम पर ठगी, गिरोह का सरगना गिरफ्तार
खाटू श्यामजी मंदिर में VIP दर्शन के नाम पर ठगी, गिरोह का सरगना गिरफ्तार

श्रद्धालुओं को कम समय में वीआईपी दर्शन कराने का झांसा देकर रकम वसूली जा रही थी। आरोपी खुद को पुजारी या पुजारी परिवार का सदस्य बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और कुछ गार्ड्स की भूमिका की भी जांच कर रही है।

वीआईपी दर्शन के नाम पर चल रहा था ठगी का खेल

खाटूश्याम जी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं से वीआईपी दर्शन और जल्दी दर्शन कराने के नाम पर रुपये वसूले जा रहे थे। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग खुद को पुजारी या पुजारी परिवार का सदस्य बताकर श्रद्धालुओं से संपर्क कर रहे हैं। कम समय में दर्शन कराने का भरोसा देकर उनसे मोटी रकम ली जाती थी।

ये भी पढ़ें: धौलपुर में दर्दनाक हादसा, पानी से भरी सड़क पर पलटी ईको, 4 लोगों की मौत

गिरोह का सरगना गिरफ्तार

खाटूश्याम जी थानाधिकारी इंद्राज मरोड़िया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए भैरव पार्किंग गेट के पास से सरगना को गिरफ्तार किया। 26 वर्षीय आरोपी लाडपुर का रहने वाला है और पुलिस के मुताबिक वह गिरोह का सरगना है। उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच में लाखों रुपये के लेन-देन के सबूत मिले हैं।

गार्ड्स की मिलीभगत भी आई सामने

पुलिस की जांच में सामने आया है कि मंदिर में तैनात कुछ गार्ड्स की मिलीभगत से भी यह पूरा धंधा चल रहा था। आरोप है कि कुछ गार्ड्स मंदिर कमेटी के भरोसे का गलत फायदा उठाकर श्रद्धालुओं से रुपये लेते थे। पुलिस अब ऐसे सभी गार्ड्स की भूमिका की जांच कर रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए मंदिर कमेटी को पत्र लिखा जाएगा।

Breaking News

बाबा पार्किंग गेट किया गया बंद

मंदिर में लपकागिरी और ठगी की शिकायतें सामने आने के बाद बाबा पार्किंग प्रवेश द्वार को बंद कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह कदम मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को ठगी से बचाने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए उठाया गया है। साथ ही आरोपी गिरोह के दूसरे सदस्यों और उनके सहयोगियों की पहचान करने का काम भी जारी है।

श्रद्धालुओं से पुलिस ने की अपील

जिला पुलिस सीकर ने मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनाधिकृत लोगों को वीआईपी, प्रोटोकॉल या शीघ्र दर्शन कराने के नाम पर पैसे न दें। पुलिस ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से मंदिर और मेले की व्यवस्थाओं पर नकारात्मक असर पड़ता है। रुपये लेकर विशेष दर्शन कराने वाले किसी व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

ये भी पढ़ें: फर्जी IAS तृप्ति ने AI से बनवाए जॉइनिंग लेटर, नौकरी के नाम पर ठगी; 90 लाख की ठगी का आरोप

अन्य आरोपियों पर भी होगी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार गिरोह में शामिल अन्य लोगों और उनके सहयोगियों के खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी के इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और श्रद्धालुओं से वसूली गई रकम का लेन-देन किन लोगों के बीच होता था। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। 

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts