
फिलाडेल्फिया। भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की अनूठी छटा इस बार अमेरिका की धरती पर भी देखने को मिली। पहली बार श्री श्याम भगत भोला जी महाराज के नेतृत्व में अमेरिका में खाटू श्याम जी की भव्य फागुन निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें करीब 200 भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव के साथ भाग लिया। इस पावन यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जयकारों से माहौल भक्तिमय कर दिया।
श्याम भजन में डूबे श्रद्धालु
फिलाडेल्फिया में आयोजित इस भव्य आयोजन की अगुवाई अभिषेक शर्मा और उनके परिवार ने की। यह आयोजन केवल एक धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें भारतीय संस्कृति, आस्था और प्रेम के रंग भी घुल गए थे। भक्तों ने निशान यात्रा के दौरान श्याम भजनों का आनंद लिया और फाग उत्सव में रंग-गुलाल उड़ाकर होली के उत्सव को भी धूमधाम से मनाया।
भारतीय संस्कृति की वैश्विक गूंज
अमेरिका जैसे दूरस्थ देश में इस तरह के धार्मिक आयोजन बताते हैं कि भारतीय संस्कृति की जड़ें कितनी गहरी और सशक्त हैं। फागुन निशान यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्री श्याम को समर्पित ध्वज (निशान) लेकर पदयात्रा की, जो भक्तिभाव और समर्पण का प्रतीक मानी जाती है।
सनातन धर्म की आस्था का परचम
इस यात्रा और फाग महोत्सव ने यह साबित कर दिया कि सनातन धर्म की आस्था की लौ विदेशों में भी जल रही है। अमेरिका जैसे देश में इस तरह के आयोजन भारतीय मूल के लोगों के लिए एक भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम भी बनते जा रहे हैं।
One Comment