इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

खरगोन : प्रकरण की पेशी को लेकर मजदूर दंपति में हुआ विवाद, दोनों ने जहर खाकर की आत्महत्या

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बरुड़ थाना क्षेत्र में एक मजदूर दंपति ने पुलिस प्रकरण की न्यायालय में चल रही पेशी को लेकर हुए विवाद के चलते आत्महत्या कर ली। खरगोन के अनुविभागीय अधिकारी राकेश मोहन शुक्ला ने बताया कि कल शाम सुनील (22 वर्षीय) और उसकी पत्नी सीमा (20 वर्षीय) ने सिनखेड़ा स्थित एक खेत में कीटनाशक का सेवन कर लिया। आनन-फानन में दोनों को खरगोन स्थित जिला अस्पताल लाए जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। आज शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

प्रकरण की पेशी को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस ने बताया कि डाबरिया निवासी सुनील शादी के पूर्व नाबालिग सीमा को लेकर भाग गया था, जिसके चलते सीमा के परिजनों ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया था। पुलिस ने दोनों को ढूंढ निकाला था और बाद में दोनों ने विवाह कर लिया था। लेकिन, पुलिस प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण पेशियां लग रही थी। कल भी मामले की पेशी थी और सुनील के माता-पिता को भी न्यायालय में उपस्थित होना था। इसी से लौटने पर दोनों में विवाद हुआ और सुनील ने सीमा पर प्रकरण दर्ज कराए जाने के चलते परेशानी होने का हवाला देते हुए नाराजगी जाहिर की।

खेत में दंपति ने पीया जहर

सुनील ने कहा कि प्रकरण दर्ज कराए जाने के चलते उसे करीब 5 महीने न्यायिक हिरासत में रहना पड़ा था। इस पर दोनों में विवाद बढ़ा और सुनील ने गुस्से में आकर कीटनाशक की बोतल को कुल्हाड़ी से तोड़कर उसका सेवन कर लिया। इसके बाद सीमा ने भी कीटनाशक का सेवन कर लिया। सुनील ने अपने द्वारा कीटनाशक का सेवन कर लिए जाने की सूचना खेत मालिक राजेश रघुवंशी को दी, जिसने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, दोनों की इस दौरान मौत हो चुकी थी। दंपति का 8 महीने का एक बच्चा भी है।

संबंधित खबरें...

Back to top button