कटनी में फूटा महिलाओं का गुस्सा; बोलेरो रोककर नष्ट की शराब पेटियां, 4 पर कार्रवाई

कटनी। जिले में बेखौफ फल-फूल रहे अवैध शराब के कारोबार और पैकारियों के खिलाफ ग्रामीणों, खासकर महिलाओं का गुस्सा अब सड़कों पर उतर आया है। शनिवार को उमरियापान थाना क्षेत्र के ग्राम घुघरा में ग्रामीणों ने अवैध शराब लेकर जा रही एक बोलेरो गाड़ी को घेर लिया और उसमें रखी शराब की पेटियों को सड़क पर फेंककर पूरी तरह नष्ट कर दिया।
महिला और ग्रामीणों ने रोकी गाड़ी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घुघरा गांव में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई की शिकायतें आ रही थीं। शनिवार को शराब ठेकेदारों की बोलेरो गाड़ी गांव में दाखिल हुई, तो बड़ी संख्या में एकत्र हुई महिलाओं और ग्रामीणों ने उसे रोक लिया। इस दौरान शराब दुकान के कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस व तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित महिलाओं ने गाड़ी से शराब की बोतलें निकालकर सड़क पर फोड़ दीं। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध पैकारियों के कारण गांव का सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और युवा पीढ़ी नशे की लत में फंस रही है। पुलिस व प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने पर उन्हें खुद यह कदम उठाना पड़ा।
विधायक ने भी जताई थी चिंता
गौरतलब है कि बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने भी हाल ही में कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा को पत्र लिखकर विधानसभा क्षेत्र में चल रही अवैध पैकारियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने 4 लोगों पर की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
मामले में एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने मीडिया बताया कि घुघरा गांव में विवाद की सूचना मिलते ही उमरियापान थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी, हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण शराब नष्ट कर चुके थे। एसडीओपी ने स्पष्ट किया कि उक्त पेकारी पर पुलिस पूर्व में भी वैधानिक कार्रवाई कर चुकी है। शनिवार की घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए 4 लोगों के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
ये भी पढ़ें: 11 मौतों के बाद सरकार सख्त, 3 आबकारी अधिकारी निलंबित; एक अफसर ग्वालियर अटैच




















