अन्यराष्ट्रीयस्वास्थ्य

कर्नाटक में जीका वायरस की दस्तक… 5 साल की बच्ची की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, सरकार ने कही ये बात

कर्नाटक में जीका वायरस का पहला मामला सामने आया है। पांच साल की बच्ची में जीका वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे पहले जीका वायरस के मामले केरल, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में पाए गए थे। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. सुधाकर ने बताया कि सरकार सभी एहतियाती कदम उठा रही है। कर्नाटक में जीका वायरस का इस सीजन में यह पहला मामला सामने आया है।

स्वास्थ्य मंत्री सुधाकर ने कहा- राज्य में यह पहला मामला सामने आया है और सरकार बहुत सावधानी से स्थिति की निगरानी कर रही है। हमारा विभाग इससे निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। हमें जीका वायरस के पॉजिटिव मामले के बारे में पुणे की एक लैब रिपोर्ट मिली है। जानकारी के अनुसार, तीन सैंपल भेजे गए। जिनमें से दो निगेटिव और एक पॉजिटिव था, जोकि पांच साल की बच्ची है।

क्या होता है जीका वायरस

जीका वायरस मच्छरों से फैलने वाली एक खतरनाक बीमारी है। ये बीमारी एडीज मच्छर के काटने से ही फैलती है। एडीज मच्छर दिन के समय ही ज्यादा एक्टिव होते हैं। इस वायरस से होने वाला संक्रमण खतरनाक होता है और मरीज के अस्पताल में भर्ती होने की भी नौबत भी आ सकती है। जीका वायरस फैलने का खतरा एडीज एल्बोपिक्ट्स और एडीज इजिप्टी से होता है।

जीका के लक्षण

जीका वायरस से संक्रमित होने पर बुखार और मलेरिया के मिले-जुले लक्षण नजर आते हैं। इसमें बुखार, रैशेज, जोड़ों, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द और उल्टी जैसे लक्षण दिखते हैं। यह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में तेजी से फैलता है। ऐसे में बीमार व्यक्ति से करीब 3 हफ्ते तक दूरी बनाकर रखना जरूरी होता है।

बचाव

  • सामान्य दर्द और बुखार दवाओं से जीका वायरस का इलाज किया जा सकता है।
  • आराम और भरपूर पानी के सेवन की सलाह दी जाती है।
  • क्योंकि जीका मच्छरों से फैलता है, उनसे बचने का मतलब है जीका से बचना।
  •  मच्छर स्प्रे को छिड़कना बेहद सहायक हो सकता है।

गर्भवती महिलाओं को ज्यादा खतरा

जीका वायरस से सबसे ज्यादा खतरा गर्भवती महिलाओं को है। क्योंकि, वह जीका वायरस की चपेट में सबसे ज्यादा आती हैं। जीका वायरस अगर गर्भवती महिला के भ्रूण में फैला तो इससे अजन्मे बच्चे में मस्तिष्क दोष पैदा हो सकता है।

ये भी पढ़ें- पुणे में जीका वायरस का मरीज मिलने से हड़कंप, नगर निगम ने शुरू किया डिसीज कंट्रोल एक्शन प्लान

संबंधित खबरें...

Back to top button