
जबलपुर। मध्य प्रदेश में नगर निगम चुनाव पर घमासान मचा हुआ है। इसी बीच जबलपुर में नगर निगम चुनाव के प्रचार के बीच कैंट विधानसभा से भाजपा विधायक अशोक रोहाणी की अचानक तबीयत खराब हो गई है। डॉक्टर ने इसे माइनर अटैक बताया है। अगर अब भी वो इसे गंभीरता से लेते तो स्थिति अधिक बिगड़ सकती थी।
फिलहाल, अस्पताल में डॉक्टर ने सीने में दर्द की शिकायत के बाद उनकी एंजियोप्लास्टी की है। साथ ही, उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है।
सीने में दर्द की शिकायत, किया भर्ती
बताया जा रहा है कि, वो बीते कई दिनों से खुद को अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। लेकिन चुनाव प्रचार में शामिल होने के चलते इसे गंभीरता से नहीं ले रहे थे। वहीं शुक्रवार को अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए जबलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों को उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत बताई। डॉक्टरों ने उनका परीक्षण किया और भर्ती करने के बाद उनका इलाज जारी है।
डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताया
कैंट विधानसभा के विधायक अशोक रोहाणी को जरूरी जांचों के बाद चिकित्सकों को उनके हार्ट की स्थिति ठीक ना लगने पर उनकी एंजियोप्लास्टी की गई है। फिलहाल, विधायक रोहाणी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल, डॉक्टरों का कहना है कि, उनकी मौजूदा स्थिति खतरे से बाहर है।
ये भी पढ़ें: गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा बोले- कांग्रेस में दो ही जवान हैं; रीपोलिंग के लिए वसूली का कोई प्रस्ताव नहीं