इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

जय मल्हारी मार्तंड और जय मल्हार का गूंजेगा उद्घोष

इंदौर। होलकर रियासत के संस्थापक मल्हारराव होलकर की 330वीं जयंती मराठी समाज द्वारा शौर्य दिवस के तौर पर मनाई जाएगी। इस अवसर पर सकल मराठी समाज राजवाड़ा से लालबाग तक शौर्य यात्रा निकालेगा। यात्रा में सुसज्जित रथ में मल्हारराव की प्रतिमा होगी। बैंडबाजे के साथ डीजे, भजन मंडली के साथ पुरुष सफेद ड्रेस व मातृशक्ति पारंपरिक परिधान में शामिल होगी।

16 मार्च को सायंकाल 4 बजे राजवाड़ा परिसर में जय मल्हारी मार्तंड जय मल्हार का उद्घोष सुनाई देगा। अवसर होगा शौर्य यात्रा के लिए मराठी समाजजनों का एकत्रित होना। संयोजक स्वाति काशिद, हरीश बारगल एवं संजय कड़ के अनुसार क्षत्रिय धनगर सेवा संघ बीते 9 सालों से मल्हारराव जयंती कार्यक्रम करते आ रहा है। पहली बार समूचे मराठी समाजजनों द्वारा इसे गौरव दिवस की तर्ज पर मनाते हुए शौर्य यात्रा निकाली जा रही है। इसमें मराठी समाज से जुड़ी सभी संस्थाएं भी शामिल होंगी।

सिर पर टोपी, मातृशक्ति पारंपरिक परिधान में

शौर्य यात्रा के लिए समाजजन राजवाड़ा पर सायं 4 बजे एकत्रित होंगे। सामूहिक रूप से मल्हारी मार्तंड का पूजन करने के बाद प्रात: स्मरणीय देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा। तत्पश्चात महापौर द्वारा झंडी दिखाने के बाद शौर्य यात्रा शुरू होगी। इस यात्रा में शामिल मराठा समाजजन सफेद कपड़ों में सिर पर टोपी लगाकर एवं मातृशक्ति महाराष्ट्रीयन परिधान में शामिल होगी। इसमें सैकड़ों की संख्या में समाजजन भगवा ध्वज लेकर चलेंगे। यात्रा राजवाड़ा से शुरू होकर लालबाग तक जाएगी।

यात्रा में भजन-कीर्तन

शौर्य यात्रा में भजन मंडली कीर्तन करते हुए चलेगी। साथ में दो बैंड, डीजे के साथ सुसज्जित रथ में मल्हारराव की प्रतिमा रहेगी। स्वाति काशिद ने यात्रा निकालने की वजह बताते हुए कहा कि यह समाज के लिए गौरव की बात है कि वह अपने महापुरुषों के बारे में जाने उन्होंने देश, समाज के लिए क्या कुछ किया। यात्रा में 4 की रो चलेगी, ताकि आवागमन में किसी तरह का विघ्न न आए। इसके लिए सौ युवाओं को जिम्मा दिया है। वे व्यवस्था संभालेंगे।

50 से अधिक स्वागत मंच

तीन किमी की शौर्ययात्रा का 50 से अधिक मंचों से स्वागत होगा। यात्रा करीब छह बजे लालबाग पहुंचेगी। राकेश टकले ने बताया कि यहां मल्हारराव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर व्याख्यान होगा। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

नाट्य मंचन

लालबाग पर सांस्कृतिक नाट्य का मंचन होगा। इसके लिए खासतौर से टीम बुलाई गई है। समारोह का समापन प्रसादी वितरण के साथ होगा। स्वाति ने शहरवासियों से अनुरोध किया है कि वे होलकर रियासत के संस्थापक मल्हारराव की जयंती पर निकाली जा रही शौर्य यात्रा में शामिल हों। यह मराठी समाज ही नहीं बल्कि शहर के लिए गर्व की बात है।

मल्हारराव थे पराक्रमी

यशवंत काशिद ने बताया कि मल्हारराव का जन्म 16 मार्च 1693 में पुणे जिले में वीर के खांडुजी होलकर में हुआ था। वह मराठा साम्राज्य के एक ऐसे सामंत थे जो महान पराक्रमी और युद्ध कौशल में निपुण होने के साथ मालवा के प्रथम मराठा सूबेदार थे। 1948 ई. में उनकी रियासत का भारतीय गणराज्य में विलय हुआ।

संबंधित खबरें...

Back to top button