Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अब दिल्ली में भी चलेगा बुलडोजर: जहांगीरपुरी में हिंसा के आरोपियों के तोड़े जाएंगे घर, BJP पर भड़के ओवैसी

अब दिल्ली में भी चलेगा बुलडोजर: जहांगीरपुरी में हिंसा के आरोपियों के तोड़े जाएंगे घर, BJP पर भड़के ओवैसी
दिल्ली के जहांगीरपुरी में हुई हिंसा के बाद अब उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने बुलडोजर चलाने की तैयारी कर ली है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने हिंसा के आरोपियों की संपत्ति पर बुलडोजर चलाने का ऐलान किया है। एमसीडी ने इस दौरान दिल्ली पुलिस से 400 जवानों को कानून-व्यवस्था संभालने के लिए कहा है। इससे पहले बीजेपी ने भी हिंसा के आरोपियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी। बता दें कि, यूपी, एमपी और गुजरात में इस तरह की कार्रवाई की जा चुकी है।

1500 से ज्यादा जवान तैनात

जहांगीरपुरी में पुलिस को 14 टीमों में बांटा गया है। हर टीम में पैरामिलिट्री फोर्स की एक कंपनी और दिल्ली पुलिस के 50 जवान तैनात हैं, पैरामिलिट्री फोर्स समेत करीब 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी हिंसाग्रस्त इलाके जहांगीरपुरी में तैनात किए गए है।

2 दिन चलेगा अभियान

दरअसल दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में लंबे समय से अतिक्रमण को हटाने की मांग उठ रही थी। वहीं शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा के बाद इस मुद्दे ने तूल पकड़ लिया है। नार्थ दिल्ली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की ओर से जारी एक निर्देश के मुताबिक दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में 20 और 21 अप्रैल को अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलेगा। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एमसीडी ने दिल्ली पुलिस के 400 जवानों को कानून-व्यवस्था संभालने के लिए कहा है।

लोगों ने सामान हटाना किया शुरू

जहांगीरपुरी हिंसा प्रभावित इलाके में स्थानीय लोग अपना सामान इलाके से हटाते हुए दिखे। दरअसल, उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने हिंसा के आरोपियों के अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने का फैसला किया है।

ओवैसी और अमानतुल्लाह भड़के

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के इस फैसले का AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी और आप नेता अमानतुल्लाह ने विरोध जताया है। AIMIM नेता ओवैसी ने कहा, बीजेपी ने गरीबों के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है। अतिक्रमण के नाम पर यूपी और एमपी की तरह दिल्ली में भी घर तोड़े जाएंगे। कोई नोटिस नहीं, कोर्ट जाने का मौका नहीं... यह सिर्फ गरीब मुस्लिमों को सजा है। केजरीवाल को अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए। आप विधायक अमानतुल्लाह ने कहा, अमित शाह और भाजपा दिल्ली के शांति पूर्वक माहौल को खराब करना चाहती है। समय रहते लगाम नहीं लगी तो ये घटिया राजनीति देश को ले डूबेगी!

बीजेपी ने की थी बुलडोजर चलाने की मांग

बीजेपी ने हिंसा के आरोपियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी।

कितने लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी?

16 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर जहांगीरपुरी इलाके में हिंसा हुई थी, जिसमें दो पुलिस कर्मी समेत 9 लोग घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी हैं। इलाके में शांति व्यवस्था की बहाली के लिए इलाके में भारी संख्या में दिल्ली पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स भी तैनात की गई है जो स्थिति पर नजर बनाए रखे हुए हैं। ये भी पढ़ें- योगी सरकार का बड़ा फैसला, धार्मिक जुलूस और शोभायात्रा को लेकर दिया ये आदेश
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

Latest Posts