
इटारसी//नर्मदापुरम। जिले के इटारसी और सुखतवा चर्च में आग लगाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी को नर्मदापुरम पुलिस की टीम ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया है।
बताते चलें कि 12 फरवरी 2023 को अज्ञात लोगों ने सुखतवा के चौकीपुरा चर्च में खिड़की की जाली तोड़कर यहां रखी सामग्री जला दी थी। इसके साथ ही उन्होंने दीवार पर ‘श्री राम’ लिख दिया था। इस घटना से पहले 9 जनवरी 2023 को खेड़ा इटारसी के चर्च के गेट पर भी अज्ञात आरोपियों ने आग लगाई थी। दोनों ही मामले गंभीर थे और इनमें साम्प्रदायिक विवाद बढ़ने की संभावना थी।
गिरफ्तारी के लिए बनी थीं तीन टीमें

घटना के बाद एसपी डॉ. गुरकरन सिंह ने थाना इटारसी और केसला की 3 टीमें बनाकर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके अलावा अलग-अलग संसाधनों के जरिये जानकारी जुटाई। तकनीकी सबूतों के जरिये 13 फरवरी को उत्तर प्रदेश के अयोध्या निवासी अवनीश पांडे को गिरफ्तार किया गया। वह वर्तमान में रेलवे क्वार्टर 12 बंगला इटारसी में रह रहा है। उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसका झांसी निवासी दोस्त आकाश तिवारी गुगल लोकेशन पर चर्च एवं मजारों की लोकेशन और फोटो भेजता है। दोनों ही घटनाओं में अवनीश का हाथ होने की बात सामने आई। इस काम के एवज में दोनों ही बार अवनीश को आकाश तिवारी द्वारा ऑनलाइन पैसे भेजे गए थे।
मास्टरमाइंड झांसी से पकड़ा गया
एसपी ने बताया आरोपी से पूछताछ पर यह भी जानकारी मिली कि पूरे घटनाक्राम का मास्टरमाइइंड आकाश तिवारी था। उसने इटारसी, नर्मदापुरम और भोपाल के अनेक चर्च एवं मजार के लोकेशन और फोटो अवनीश पांडे को भेजे थे। पुलिस ने अवनीश पांडे (24) और इटारसी निवासी उसके साथी शिवा राय को भी गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि मास्टरमाइंड आकाश तिवारी को नर्मदापुरम पुलिस ने झांसी से हिरासत में ले लिया है। उसे जल्द गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें इंदौर : 2005 के चर्चित रूप सिंह हत्याकांड में फरार आरोपी पुलिस गिरफ्त में, 10 हजार का था इनाम