अंतर्राष्ट्रीयताजा खबर

इटली के पूर्व प्रधानमंत्री बर्लुस्कोनी का निधन, 86 साल की उम्र में ली अंतिम सांस; 9 साल से था ब्लड कैंसर

इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिलवियो बर्लुस्कोनी का 86 साल की उम्र में निधन हो गया है। तीन बार इटली के प्रधानमंत्री रहे बर्लुस्कोनी सिल्वियो बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे। वे ल्यूकेमिया से पीड़ित थे, बीमारी से जूझने के बाद मिलान के सैन राफेल अस्पताल में उनका निधन हो गया। इटली में फिलहाल जो सरकार है, उसमें सिल्वियो की फोर्जा पार्टी भी सहयोगी है।

तीन बार रहे इटली के प्रधानमंत्री

बर्लुस्कोनी 1994 से लेकर 2011 तक तीन बार इटली के प्रधानमंत्री रहे। सबसे पहले बर्लुस्कोनी साल 1994 में पहली बार इटली के पीएम बने। उसके बाद वह 2001 से 2006 तक इटली के पीएम रहे। 2008 में फिर से उन्होंने सत्ता में वापसी की लेकिन 2011 में कर्ज संकट के चलते उन्हे इस्तीफा देना पड़ा और वह राजनीति से भी दूर हो गए। हालांकि 2017 में उन्होंने फिर से सक्रिय राजनीति में एंट्री ली थी। 2017 में उन्होंने दावा किया था कि वो एक बार फिर प्रधानमंत्री बनेंगे। हालांकि, उस वक्त उन पर कई सेक्स स्कैंडल्स में शामिल होने के आरोप थे और कुछ गवाह भी सामने आ चुके थे। साथ ही उन पर भ्रष्टाचार और टैक्स में धांधली के भी आरोप लगे थे।

इटली की राजनीति में रहे किंगमेकर

साल 1936 में इटली के मिलान शहर में जन्में सिलवियो बर्लुस्कोनी इटली के सबसे बड़े कमर्शियल ब्रॉडकास्टर मीडियासेट के मालिक थे। साथ ही वह मशहूर फुटबॉल क्लब एसी मिलान के भी मालिक रहे। इटली की राजनीति में सिलवियो बर्लुस्कोनी को किंगमेकर माना जाता था और अपने राजनीतिक करियर के चरम पर वह इटली की सत्ता के केंद्र में रहे। बर्लुस्कोनी साल 2012 में एक टैक्स में धांधली के आरोप में भी फंसे थे।

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button