Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ईरान में Elon Musk के Starlink पर शिकंजा, जैमर और GPS स्पूफिंग से सैटेलाइट इंटरनेट ब्लॉक, जेल और जुर्माने का प्रावधान

Iran Starlink Ban: अमेरिका-इजराइल संघर्ष के बीच ईरान ने स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा को राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देकर प्रतिबंधित किया, सुप्रीम नेशनल साइबरस्पेस काउंसिल ने बताया युद्ध का साधन, टर्मिनल रखने पर जेल, अधिकारियों ने विकसित किए निष्क्रिय करने वाले सिस्टम
ईरान में Elon Musk के Starlink पर शिकंजा, जैमर और GPS स्पूफिंग से सैटेलाइट इंटरनेट ब्लॉक, जेल और जुर्माने का प्रावधान
ईरान में Elon Musk की Starlink पर शिकंजा

तेहरान। अमेरिका और इजराइल के साथ जारी संघर्ष के बीच ईरानी अधिकारियों ने एलन मस्क की स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा को रोकने के अपने प्रयासों को और तेज करने तथा वैश्विक इंटरनेट एक्सेस पर और अधिक प्रतिबंध लगाने का संकल्प लिया है। तेहरान द्वारा लागू की गई सख्त इंटरनेट फिल्टरिंग को दरकिनार करने की सुविधा देने वाली स्टारलिंक सेवा को राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर ईरान में प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस सैटेलाइट इंटरनेट सेवा को अपने पास रखने या इस्तेमाल करने पर जेल और जुर्माना हो सकता है। वहीं इसके टर्मिनल (उपकरण) को आयात करने और वितरित करने पर और भी कड़ी सजा मिल सकती है।

स्टारलिंक को युद्ध का साधन बताया

ईरान की सुप्रीम नेशनल साइबरस्पेस काउंसिल के सचिव मोहम्मद अमीन अघामिरी ने स्टारलिंक को युद्ध का साधन बताया है। इसका इस्तेमाल तेहरान के विरोधी सैन्य समन्वय, जासूसी और खुफिया जानकारी जुटाने के लिए होता है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने स्टारलिंक टर्मिनलों को निष्क्रिय करने के लिए कई सिस्टम विकसित किए हैं, लेकिन उन्होंने इस तकनीक के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। ईरान स्टारलिंक को बाधित करने के लिए जैमर और GPS स्पूफिंग का इस्तेमाल करता है।

ईरान सिग्नल रोकने के लिए कई तरीके इस्तेमाल करता है

तेहरान में मौजूद एक इंटरनेट और दूरसंचार विशेषज्ञ ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर अल जजीरा को बताया कि ईरानी अधिकारी स्टारलिंक कनेक्शन में बाधा डालने के लिए कई तरीकों का इस्तेमाल करते हैं। इनमें अलग-अलग तरह से काम करने वाले जैमर, GPS सिग्नल में हेरफेर (स्पूफिंग) करना शामिल है। इससे नए डिवाइस को एक्टिवेट करना मुश्किल हो जाता है। इसमें जब स्टारलिंक से जुड़े इंटरनेट प्रोटोकॉल स्थानीय सेवाओं से जुड़ते हैं तो उनकी पहचान करना भी शामिल है। अधिकारियों ने सैटेलाइट टर्मिनल बेचने के संदेह वाली जगहों पर छापेमारी , ड्रोन से तलाशी और गश्त बढ़ाकर इन उपकरणों को जब्त करने की कोशिशें तेज कर दी हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी यह मुद्दा उठाया

ईरान ने 2023 से 'इंटरनेशनल टेलीकम्युनिकेशन यूनियन'  के 'रेडियो रेगुलेशंस बोर्ड' से संपर्क किया है और स्टारलिंक के प्रसारण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 4 अक्टूबर को ईरान के विदेश मंत्रालय ने नॉर्वे के राजदूत को तलब किया और स्टारलिंक के अनधिकृत संचालन को रोकने में विफलता पर विरोध जताया। ईरानी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सैटेलाइट इंटरनेट ऑनलाइन संचार पर सरकार के नियंत्रण को कमजोर कर सकता है, क्योंकि यह देश के अपने दूरसंचार बुनियादी ढांचे पर निर्भर नहीं है। सितंबर के आखिर में एक बैठक के दौरान, उप-प्रौद्योगिकी मंत्री मोहम्मद हाफेज हकामी ने चेतावनी दी कि अगर स्टारलिंक का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर होता है, तो यह ईरान के साइबरस्पेस नियंत्रण के लिए एक बड़ा झटका हो सकता है। अगर यही स्थिति बनी रही तो भविष्य में किसी संकट के समय अधिकारियों को सैटेलाइट-आधारित सेवाओं तक पहुंच रोकने के लिए बिजली काटने पर भी विचार करना पड़ सकता है।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts