Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस:सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में शुरू हुआ पखवाड़ा, गांव-गांव और स्कूलों में संरक्षण का संदेश

अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में 'बाघ पखवाड़े' का शानदार आगाज हुआ है। इस अभियान के तहत गांवों और स्कूलों में बाघ संरक्षण का संदेश फैलाया जा रहा है
तपुड़ा टाइगर रिजर्व में शुरू हुआ बाघ पखवाड़ा

सोहागपुर। अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस-2026 के अवसर पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) द्वारा 16 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक 'बाघ पखवाड़ा' आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जनमानस को बाघ संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा बाघों के प्राकृतिक आवास और जैव विविधता के संरक्षण के लिए लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। एसटीआर के जनसंपर्क अधिकारी एवं एसडीओ आशीष खोबरागड़े ने बताया कि पखवाड़े के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों, विद्यालयों एवं वन क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण का दिया संदेश

पखवाड़े के प्रथम दिन 16 जुलाई को सोहागपुर के ग्राम चाकर, टेकापार एवं रैयत्वाड़ी की ईको विकास समितियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें ग्रामीणों को वन, बाघ एवं अन्य वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही पारंपरिक चूल्हों के स्थान पर एलपीजी गैस सिलेंडर के उपयोग की अपील की गई तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों के बच्चों को एकलव्य छात्रवृत्ति योजना की जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में 153 ग्रामीण शामिल हुए।

'सतपुड़ा संवाद' के माध्यम से दिखाई गई जागरूकता फिल्म

17 जुलाई को ग्राम उरदौन, अनहोनी, भतौड़ी एवं चंदनपिपरिया की ईको विकास समितियों में 'सतपुड़ा संवाद' कार्यक्रम आयोजित किया गया। वीडियो फिल्म के माध्यम से बाघों एवं उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने तथा जंगलों के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 150 ग्रामीणों ने भाग लिया।

ये भी पढ़ें: सोहागपुर के बरवानी गांव में युवक ने की आत्महत्या, फंदे पर लटका मिला शव

विद्यालयों में क्विज और चित्रकला प्रतियोगिता

पीएम श्री विद्यालय कामती, सोहागपुर एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तरोनकला, पिपरिया में छात्र-छात्राओं को सतपुड़ा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई तथा अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस का महत्व बताया गया। विद्यार्थियों के लिए क्विज एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। साथ ही उन्हें 'सतपुड़ा साथी' बनाकर वन एवं वन्यजीव संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में 445 विद्यार्थियों की सहभागिता रही।

राहगीरों को भी किया जागरूक

पचमढ़ी फुटहिल बैरियर एवं झिरिया बैरियर से गुजरने वाले 45 राहगीरों को वन क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने और जंगलों में कचरा नहीं फैलाने के लिए जागरूक किया गया।

ये भी पढ़ें: दीवार फांदकर घर में घुसा तेंदुआ, जबड़ों में दबोचकर आंगन से गाय को घसीट ले गया

29 जुलाई तक जारी रहेंगे कार्यक्रम

एसटीआर अधिकारियों ने बताया कि 29 जुलाई तक चलने वाले बाघ पखवाड़े के दौरान विभिन्न ग्रामों, विद्यालयों एवं वन क्षेत्र से जुड़े समुदायों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बाघ संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

Edited By: Sumit Shrivastava

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...Read More

Latest Posts