दीवार फांदकर घर में घुसा तेंदुआ,जबड़ों में दबोचकर आंगन से गाय को घसीट ले गया

होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर जिले के दसूहा इलाके में तेंदुए की दस्तक ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रिहायशी इलाके में देर रात एक तेंदुआ घर की दीवार फांदकर आंगन में घुस गया और वहां बंधी गाय पर हमला कर दिया। गाय ने काफी देर तक खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार तेंदुए ने उसका गला दबाकर मार डाला। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
दीवार फांदकर आंगन में पहुंचा तेंदुआ
CCTV फुटेज के मुताबिक, देर रात तेंदुआ पहले घर के बाहर सड़क पर घूमता दिखाई देता है। कुछ देर बाद वह दीवार फांदकर सीधे आंगन में पहुंच जाता है, जहां गाय बंधी हुई थी। तेंदुआ बिना समय गंवाए गाय पर झपट पड़ता है और उसके गले को अपने जबड़ों में दबोच लेता है। आहट मिलते ही गाय उठकर खुद को छुड़ाने की कोशिश करती है। वह लगातार संघर्ष करती है और जोर-जोर से आवाज भी निकालती है, लेकिन तेंदुआ उसकी गर्दन नहीं छोड़ता।

काफी देर तक चला संघर्ष, फिर तोड़ दिया दम
वीडियो में देखा जा सकता है कि गाय काफी देर तक तेंदुए से मुकाबला करती रही, लेकिन आखिरकार तेंदुए ने उसका गला दबाकर उसे मार डाला। इसके बाद वह गाय को घसीटते हुए वहां से ले जाने की कोशिश करता है। पूरी घटना कैमरे में कैद होने के बाद गांव के लोगों में डर का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान गाय की आवाजें सुनाई दीं, लेकिन घर के लोग समय पर जाग नहीं सके। इसी वजह से तेंदुआ आसानी से अपने शिकार को मारने में सफल हो गया।
वन विभाग ने किया निरीक्षण, लोगों को दी सतर्क रहने की सलाह
सुबह गाय मृत मिलने के बाद परिवार ने पंचायत और वन्यजीव विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दातारपुर वेटरनरी अस्पताल की डॉक्टर पूनम शर्मा ने गाय का पोस्टमार्टम किया। फॉरेस्ट गार्ड गुरमेल सिंह ने ग्रामीणों से रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि घरों और पशुशालाओं के आसपास पर्याप्त रोशनी रखें। यदि तेंदुआ दोबारा दिखाई देता है तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें। जरूरत पड़ने पर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया जाएगा।
बहराइच में मगरमच्छ का आतंक, 12 साल के बच्चे को जिंदा खा गया; VIDEO वायरल
गांव में बढ़ी दहशत, रातभर जाग रहे लोग
रिहायशी इलाके में तेंदुए के पहुंचने के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। लोगों को आशंका है कि तेंदुआ फिर से आबादी वाले क्षेत्र में लौट सकता है। इसी कारण ग्रामीण रात के समय घरों के बाहर लाइटें जलाकर रख रहे हैं और अपने पशुओं की अतिरिक्त निगरानी कर रहे हैं। गौरतलब है कि करीब 20 दिन पहले भी होशियारपुर में एक तेंदुआ सड़क पर घूमता दिखाई दिया था। उस दौरान राहगीरों और बाइक सवारों ने तेंदुए को देखकर रास्ता बदल लिया था और उसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने इलाके में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।












