
साल 2024 खत्म होने वाला है। इस बीच पूरे विश्व में कई बड़े विमान हादसे हुए, कई लोग घायल हुए, और करीब 402 लोगों की मृत्यु हुई। इनमें से ज्यादातर हादसे मौसम या इंजन की खराबी के कारण हुए। जानिए 2024 के ऐसे ही 8 प्लेन क्रैश के बारे में…
2024 में विश्व के 8 बड़े विमान हादसे
रूसी मिलिट्री प्लेन क्रैश : 24 जनवरी 2024
इस साल का पहला बड़ा विमान हादसा जनवरी में रूस के बेलगोरोद क्षेत्र में हुआ, जिसमें 74 लोगों की जान चली गई। विमान में 65 यूक्रेनी कैदी और 9 रूसी क्रू सदस्य सवार थे। हादसे के बाद रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि विमान यूक्रेन की ओर से दागी गई मिसाइल की चपेट में आया, जबकि यूक्रेन ने इसे रूस की साजिश करार दिया।
रूस के इवानोवो में : 12 मार्च 2024
रूस के इवानोवो ओब्लास्ट में एक इल्यूशिन ‘आईएल-76’ कार्गो विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 15 लोगों की जान चली गई। हादसे में 7 यात्री और 8 क्रू सदस्य शामिल थे। यह दुर्घटना विमान के एक इंजन में आग लगने के कारण हुई।
ईरानी राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर क्रैश : 19 मई 2024
ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें राष्ट्रपति रईसी, विदेश मंत्री हुसैन अमीराब्दुल्लाहियन सहित 9 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रपति के काफिले में 3 हेलीकॉप्टर थे, जिनमें से 2 सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। हादसा घने कोहरे के बीच पहाड़ी इलाके को पार करते समय हुआ। यह दुर्घटना ईरान की राजधानी तेहरान से 600 किमी दूर हुई।
मलावी के उपराष्ट्रपति की प्लेन क्रैश में मौत : 10 जून 2024
अफ्रीकी देश मलावी के उपराष्ट्रपति साउलोस क्लॉस चिलिमा की विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई। 10 जून को लापता हुए उनके विमान का मलबा बरामद हुआ, जिसमें उपराष्ट्रपति समेत 9 लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के कारण के रूप में खराब मौसम को जिम्मेदार ठहराया गया है।
नेपाल विमान हादसा : 24 जुलाई 2024
24 जुलाई 2024 को नेपाल के काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 9N-AME विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई। विमान ने सुबह करीब 11 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद ही क्रैश हो गया। मृतकों में 17 सौर्य एयरलाइंस के कर्मचारी और 2 क्रू सदस्य शामिल थे। 21 साल पुराने इस विमान को मरम्मत के बाद परीक्षण के लिए उड़ाया जा रहा था।
ब्राजील हादसा, 62 लोगों की जान गई: 9 अगस्त 2024
9 अगस्त को ब्राजील के साओ पाउलो राज्य के विन्हेडो शहर में वोएपास 2283 फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुखद हादसे में फ्लाइट में सवार सभी 62 लोगों की जान चली गई। यह एक घरेलू ब्राजीलियाई यात्री विमान था। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच अभी भी जारी है।
अजरबैजान प्लेन हादसे में 38 लोगों की मौत : 25 दिसंबर 2024
25 दिसंबर को कजाकिस्तान के अक्ताउ में एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 38 लोगों की जान चली गई। विमान में 62 यात्री और 5 क्रू मेंबर सवार थे। यह विमान अजरबैजान से रूस के चेचन्या प्रांत की राजधानी ग्रोज्नी जा रही थी। रास्ते में तकनीकी समस्या के कारण इसे अक्ताउ से लगभग 3 किमी दूर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। लैंडिंग के दौरान विमान दो टुकड़ों में टूट कर आग की चपेट में आ गया।
साउथ कोरिया में प्लेन क्रैश, 179 लोगों की मौत : 29 दिसंबर 2024
साउथ कोरिया के मुआन एयरपोर्ट पर जेजू एयर का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 181 लोग सवार थे, जिनमें 175 यात्री और 6 क्रू मेंबर शामिल थे। हादसे में 179 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को बचा लिया गया। यह विमान बैंकॉक से आ रहा था और एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय इसके लैंडिंग गियर में खराबी आ गई, जिससे पहिए नहीं खुल सके। इमरजेंसी में बेली लैंडिंग कराने की कोशिश की गई, लेकिन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।