बहादुरगढ़। हरियाणा में पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला की पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक नफे सिंह राठी को रविवार को अज्ञात बदमाशों ने गोलियां मार दीं। उनकी कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं गई हैं। वहीं इनेलो के मीडिया सेल के इंचार्ज राकेश सिहाग ने नफे सिंह राठी की मौत की पुष्टि कर दी है। राठी के गले और कमर में गोलियां लगी।
यह घटना झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में बराही फाटक के पास हुई। एक कार में आए कुछ हमलावरों ने राठी और उनके तीन सुरक्षा कर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गाड़ी की खिड़कियों में भी कई गोलियों के निशान हैं। अंधाधुंध फायरिंग के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
तीन सुरक्षा कर्मियों को लगी गोलियां
हमला पूरी प्लानिंग के तहत किया हुआ प्रतीत हो रहा है। तीन सुरक्षा कर्मियों को भी कई गोलियां लगी हैं। हमलावर आई-10 कार में सवार होकर आए थे। पुलिस के मुताबिक इस गोलीबारी में गाड़ी की अगली सीट पर बैठे राठी और उनके तीनों गनमैन घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर अपनी कार में फरार हो गए। घायलों को ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनेलो के मीडिया सेल के इंचार्ज राकेश सिहाग ने नफे सिंह राठी की मौत की पुष्टि कर दी है।
#हरियाणा : इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष एवं #बहादुरगढ़ से पूर्व विधायक #नफे_सिंह_राठी को मारी गोली, राठी और उनके 3 सुरक्षाकर्मी #घायल, कार सवार बदमाशों ने किया जानलेवा #हमला, देखें VIDEO || @police_haryana #Haryana #INLD #FormerMLA #NafeSinghRathi #Shot #Attack #PeoplesUpdate pic.twitter.com/a94uoa6LzU
— Peoples Samachar (@psamachar1) February 25, 2024
राठी को मिल रही थी धमकियां
इनेलो के एक नेता ने बताया कि नफे सिंह राठी को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। पार्टी के प्रवक्ता अमनदीप ने बताया कि सरकार से उनके लिए सुरक्षा मांगी जा रही थी, लेकिन सुरक्षा नहीं मिली। राठी पर पहले भी छिटपुट हमले हुए हैं।
भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कानून व्यवस्था पर बोला हमला
कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने नफे सिंह की हत्या पर कहा, हरियाणा में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोली मार कर हत्या करने का समाचार बेहद दुःखद है। यह प्रदेश की कानून व्यवस्था को दर्शाता है। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया कि कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। प्रदेश में आज कोई भी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है। दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि व परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।