महंगाई का तड़का, प्याज 35 रुपए तो लहसुन बिका 250 रुपए प्रति किलो
मांग के मुकाबले आवक कम होने से बढ़ रहे हैं भाव

इंदौर। प्याज के दाम एक बार फिर आंसू छलका रहे हैं, तो लहसुन के दाम सातवें आसमान पर हैं । आवक कम होने से भाव बढ़े हुए हैं। बाजार में 10 रुपए किलो बिकने वाली प्याज इस समय 35 रुपए किलो बिक रही है। वहीं लहसुन के दाम भी आसमान छू रहे हैं, यह 250 रुपए किलो बिक रहा है। व्यापारियों का कहना है कि माल अभी भी शॉर्टेज है, क्योंकि लहसुन का बीज महंगा है और प्याज में वायरस लगने के कारण आवक भी कम है।
व्यापारी परिवेश भतकारिया ने बताया कि बाजार में प्याज और लहसुन की हालत टाइट है। माल की आवक कम है, जिसके कारण बाजार में प्याज और लहसुन महंगा बिक रहा है। राखी के बाद इनकी कीमत में और तेजी आने की संभावना है। मंडी में प्याज का दाम 35 से 40 रुपए किलो तक बिका है। वहीं लहसुन की कीमत 250 रुपए किलो तक जा चुकी है। नया लहसुन आने में पांच माह का समय है। वहीं प्याज महाराष्ट्र के नांदेड़, नासिक से बड़ी मात्रा में आता है।





















