इंदौरमध्य प्रदेश

इंदौर : BJP के वरिष्ठ नेता विष्णु प्रसाद शुक्ला ‘बड़े भैया’ का निधन

मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विष्णु प्रसाद शुक्ला ‘बड़े भैया’ का निधन हो गया है। बता दें कि वह कांग्रेस विधायक संजय शुक्‍ला के पिता थे। भाजपा की राजनीति में विष्‍णु प्रसाद शुक्‍ला का नाम बड़े सम्‍मान के साथ लिया जाता है। वह अनेक धार्मिक संगठनों के साथ ब्राह्मण समाज की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे।

लंबे समय से चल रहे थे बीमार

गुरुवार शाम साढ़े चार बजे बाणगंगा स्थित निवास पर विष्णु प्रसाद शुक्ला ‘बड़े भैया’ ने 85 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बता दें कि वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके पुत्र और कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला खबर मिलते ही भोपाल से रवाना हो गए हैं।

1937 में हुआ था ‘बड़े भैया’ का जन्म

विष्णु प्रसाद शुक्ला ‘बड़े भैया’ का जन्म 1937 में हुआ था। 80 के दशक में भाजपा ने उन्हें दो बार इंदौर से विधायक का टिकट दिया था। संजय शुक्ला के अलावा उनके एक और पुत्र राजेंद्र शुक्ला भी हैं। संजय शुक्ला के पीए सुनील अग्रवाल के अनुसार विष्णु प्रसाद शुक्ला का शव शुक्रवार सुबह उनके निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

सीएम शिवराज ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा- विधायक संजय शुक्ला जी के पूजनीय पिता एवं इन्दौर भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री विष्णुप्रसाद शुक्ला जी के महाप्रयाण का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं प्रभु से उनकी आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर लिखा- वरिष्ठ बीजेपी नेता और समाजसेवी विष्णु प्रसाद शुक्ला ‘बड़े भैया’ का निधन अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें। ॐ शांति।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर लिखा- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विष्णु प्रसाद शुक्ला जी के दुःखद निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति दे।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने ने ट्वीट कर लिखा- विधायक संजय शुक्ला के पिताजी विष्णु प्रसाद शुक्ला जी के निधन का दुखद समाचार मिला। परिवार के प्रति शोक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।

 

इंदौर की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button