12 दिन बाद थमा सफाई कर्मचारियों का आंदोलन:मंत्री के निवास की ओर बढ़ी रैली को पुलिस ने रोका

नियमितीकरण समेत 12 मांगों को लेकर कर रहे थे प्रदर्शन, सात मांगों पर बनी सहमति; मंत्री के भोपाल में होने की जानकारी मिलने पर समाप्त किया धरना
मंत्री के निवास की ओर बढ़ी रैली को पुलिस ने रोका

इंदौर। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का पिछले 12 दिनों से जारी आंदोलन मंगलवार को समाप्त हो गया। संयुक्त सफाई कर्मचारी कामगार संघर्ष मोर्चा और वाल्मीकि सेना के बैनर तले आंदोलन कर रहे कर्मचारियों ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के निवास का घेराव करने के लिए रैली निकाली, लेकिन पुलिस ने उन्हें हाईकोर्ट क्षेत्र स्थित लैंटर्न चौराहे पर बैरिकेडिंग कर रोक दिया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश तथा मांगों पर सकारात्मक पहल के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी।

नियमितीकरण सहित 12 मांगों को लेकर था आंदोलन

सफाई कर्मचारी पिछले 12 दिनों से नगर निगम में नियमित कर्मचारी के रूप में शामिल किए जाने सहित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। कर्मचारियों का कहना था कि वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं और अधिकार नहीं मिल रहे हैं। इसी मांग को लेकर उन्होंने लगातार धरना-प्रदर्शन किया।

 

सात मांगों पर बनी सहमति, बाकी पर नहीं बनी बात

मंगलवार को नगर निगम के एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया और आश्विन शुक्ल आंदोलन स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। वार्ता के दौरान सात मांगों पर सहमति बनने की बात सामने आई, लेकिन कर्मचारी सभी 12 मांगों पर स्पष्ट और सकारात्मक निर्णय चाहते थे। इस कारण उन्होंने प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया और आंदोलन जारी रखने का फैसला किया।

 

मंत्री के निवास की ओर निकली रैली

वार्ता बेनतीजा रहने के बाद बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी रैली के रूप में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के निवास की ओर रवाना हुए। उनका उद्देश्य मंत्री को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों पर तत्काल निर्णय की मांग करना था। रैली आगे बढ़ी तो पुलिस ने हाईकोर्ट क्षेत्र के लैंटर्न चौराहे पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक लिया।

 

पुलिस ने समझाइश देकर रोका

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ओमप्रकाश और एसीपी विनोद दीक्षित के नेतृत्व में मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकते हुए समझाइश दी। अधिकारियों ने बताया कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विधानसभा सत्र के कारण भोपाल में हैं और उनका ज्ञापन संबंधित विभाग एवं मंत्री तक पहुंचा दिया जाएगा। काफी देर तक चली बातचीत के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।

कांग्रेस ने भी किया समर्थन

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए नगर निगम से सभी पात्र कर्मचारियों का नियमितीकरण करने और उनकी लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

 

आश्वासन के बाद लौटे कर्मचारी

प्रशासन की ओर से मांगों पर विचार करने और ज्ञापन संबंधित स्तर तक पहुंचाने के आश्वासन के बाद संयुक्त सफाई कर्मचारी कामगार संघर्ष मोर्चा और वाल्मीकि सेना के पदाधिकारियों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts