पानी के विवाद ने ली जान: इंदौर में मामूली झगड़ा ,चाकू घोंपकर युवक की हत्या

सुबह पानी भरने को लेकर हुआ मामूली विवाद शाम तक खूनी बदले में बदल गया। आरोपियों ने युवक को ढाबे पर घेरकर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई कर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार और बाइक जब्त कर ली।
इंदौर में मामूली झगड़ा ,चाकू घोंपकर युवक की हत्या

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित रविदास नगर में मामूली पानी भरने के विवाद ने देखते ही देखते खौफनाक हत्याकांड का रूप ले लिया। सुबह हुए छोटे से झगड़े की चिंगारी शाम तक इतनी भड़क गई कि आरोपियों ने युवक को घेरकर चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज वारदात में 25 वर्षीय चिंताराम राठौर की जान चली गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

ये भी पढ़ें: इंदौर पुलिस लाइन में सनसनी: ट्रैफिक जवान ने लगाई फांसी-मौत

पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल की सुबह पानी भरने को लेकर चिंताराम और मोहल्ले के युवक मोहित के बीच विवाद हुआ था, जो कुछ देर बाद शांत हो गया था। लेकिन आरोपियों के मन में बदले की आग सुलगती रही। शाम होते ही मोहित, कुलदीप परमार और उनके साथियों ने जोतीबाई फाटक के पास ढाबे पर खाना खा रहे चिंताराम को घेर लिया। इसी दौरान कुलदीप ने उस पर चाकू से वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने उसे पकड़ रखा था। गंभीर हालत में परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें: 10 साल बाद कोर्ट ने खोली साजिश की परतें: दोस्त ही निकले दरिंदे, गला घोंटकर चौथी मंजिल से फेंका… तीनों को उम्रकैद

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहित और कुलदीप को धर दबोचा।बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए मोटरसाइकिल से भाग रहे थे, लेकिन बायपास पर घेराबंदी के दौरान बाइक फिसल गई और दोनों गिर पड़े। पुलिस ने मौके पर ही उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और बदला लेने के लिए हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts