इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

जन्मदिन पर कैलाश विजयवर्गीय ने शेयर किया अपना वर्कआउट VIDEO, कहा- अपने लिए एक घंटा निकालें

इंदौर। अपने बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का आज जन्मदिन है। उन्होंने अपने जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। जिम में वे एक्सरसाइज करते हुए सूब पसीना बहा रहे हैं।

इस वीडियो में उन्होंने साथ ही सभी के लिए एक नसीहत दी है। सभी से कहा है कि स्वस्थ रहने के लिए खुद के लिए समय निकाले। साथ में अपने दोस्तों और नौजवानों से एक गिफ्ट भी मांगा है।

विजयवर्गीय ने लगाए पुश अप

वीडियो में देखा जा सकता है कि कुर्ता-पजामे में रहने वाले कैलाश विजयवर्गीय ट्रैक सूट में वर्कआउट करते नजर आ रहे हैं। उनके साथ एक फिटनेस ट्रेनर भी है। वह इसमें जंपिंग जैक्स के साथ ही डंबल्स उठाते, स्ट्रेचिंग करते और पुश अप लगाते हुए नजर आ रहे हैं। साथ ही वे मशीनों पर वेट लिफ्टिंग करते दिख रहे है।

विजयवर्गीय बोले- मैं 65 प्लस हूं

कैलाश विजयवर्गीय ने इस वीडियो में सभी को एक नसीहत दी है। उन्होंने सभी से कहा है कि स्वस्थ रहने के लिए खुद के लिए समय निकाले। उन्होंने कहा- स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन रहता है। स्वस्थ मन में स्वस्थ विचार आते हैं। स्वस्थ विचार आते हैं तो व्यक्ति काम भी बहुत अच्छा करता है। पॉजिटिव एनर्जी के लिए बहुत जरूरी है हम स्वस्थ रहे। देश के प्रधानमंत्री अपने लिए एक घंटा निकालते हैं।

देश के गृह मंत्री स्वस्थ रहने के लिए एक घंटा निकालते हैं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी एक घंटा निकालते हैं। आप भी अपने लिए रोज एक घंटा निकालें। लोग कहते हैं हम बहुत बिजी हैं, अरे काहे के बिजी हो अपने लिए समय नहीं निकाल सकते तो क्या मतलब है। मैं 65 प्लस हूं, पिछले 45 सालों से प्रतिदिन एक्सरसाइज करता हूं। आप भी एक्सरसाइज करिए, स्वस्थ रहिए। आप स्वस्थ रहेंगे, परिवार स्वस्थ रहेगा। परिवार स्वस्थ रहेगा, तो देश स्वस्थ रहेगा।

भारत को शक्तिशाली राष्ट्र बनाना है : विजयवर्गीय

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने लक्ष्य दिया है 2047 में हमें भारत को दुनिया का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बनाना है। जब तक यहां के नागरिक शक्तिशाली नहीं होंगे, तब तक देश शक्तिशाली नहीं हो सकता। इसलिए प्रतिदिन व्यायाम करें। अपने लिए एक घंटा निकालिए। आज मैं अपने जन्मदिन पर आपसे गिफ्ट लेना चाहता हूं। मुझे उम्मीद है कि आप मुझे ये गिफ्ट देंगे। आप स्वयं स्वस्थ रहेंगे, अपने परिवार को स्वस्थ रखेंगे।

मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button