इंदौरमध्य प्रदेश

इंदौर : पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के पुतले पर पोती कालिख

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस ने कक्षा 8वीं के संस्कृत एवं 10वीं और 12वीं की परीक्षा के पेपर लीक होने का विरोध जताया। कांग्रेस ने प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के पुतले पर कालिख पोतकर जिला शिक्षा कार्यालय पर टांग दिया। कांग्रेस का आरोप है कि, भाजपा सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

बता दें कि प्रदेश में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के पेपर प्रतिदिन लीक हो रहे हैं। पिछले दिनों विधानसभा में भी यह मुद्दा उठा, लेकिन सरकार ने कई पेपरों को लीक मानने से इनकार कर दिया है।

छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही भाजपा

शहर कांग्रेस प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल, सूचना अधिकार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष गिरीश जोशी, प्रवक्ता घनश्याम जोशी के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने जिला शिक्षा कार्यालय बड़ा गणपति पर स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के पुतले पर कालिख पोती और उसे लटका दिया।

कांग्रेस का कहना है कि, 10वीं और 12वीं की परीक्षा के दौरान 13 पेपर लीक हुए और उसके बावजूद भी भाजपा की अंधी गूंगी बहरी सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। भाजपा सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

दांव पर 25 लाख छात्र-छात्राओं का भविष्य

हाल ही में कक्षा 8वीं का संस्कृत का पेपर लीक हुआ, जिसकी वजह से 25 लाख छात्र-छात्राओं का भविष्य दांव पर लग गया है। इससे पहले 10वीं और 12वीं की परीक्षा के पेपर लीक हुए अब कक्षा आठवीं के पेपर लीक हो रहे हैं। संस्कृत का पेपर लिक हो चुका है और गणित के पेपर को भी आगे बढ़ा दिया गया है। इसी के विरोध में आज जिला शिक्षा कार्यालय पर शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के पुतले पर कालिख पोती है और जिला शिक्षा कार्यालय के गेट पर पुतले को बांध दिया गया है।

(इनपुट- हेमंत नागले)

इंदौर की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button