
जकार्ता। इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप के करीब यात्रियों से भरी एक नाव डूब गई। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग लापता बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू टीम इन सभी की तलाश कर रही है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त नाव में कुल 40 यात्री सवार थे। इनमें से 6 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इंडोनेशिया की नेशनल सर्च और रेस्क्यू एजेंसी के मुताबिक हादसा देर रात 12 बजे के बाद हुआ।
परिजनों को सौंपे गए शव
जानकारी के मुताबिक, नाव 40 लोगों को लेकर इंडोनेशिया के मुना आइईलैंड की तरफ जा रही थी। यह दक्षिण पूर्व सुलावेसी प्रांत की राजधानी केंदरी से लगभग 200 किमी (124 मील) दक्षिण में है। हालांकि नौका के डूबने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इंडोनेशिया की नेशनल सर्च और रेस्क्यू एजेंसी के अधिकारी मोहम्मद अराफह ने कहा कि, सभी मृतकों की पहचान हो गई है और उनके शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है।
साल 2018 में हुई थी 167 लोगों की मौत
इंडोनेशिया में 17,000 से अधिक आइलैंड है, यहां नाव डूबने जैसी घटनाएं आम है। एक रिपोर्ट के मुताबिक 200 लोगों से भरी एक बोट साल 2018 में लगभग उत्तरी सुमात्रा प्रांत में एक गहरे ज्वालामुखीय क्रेटर झील में डूब गई थी। हादसे में करीब 167 लोगों की मौत हो गई थी।