
मप्र के अलीराजपुर जिले में एक पिकअप वाहन ने एक 8 साल की बच्ची को रौंद दिया। जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने वाहन में आग लगा दी। ड्राइवर को पहले तो जमकर पीटा फिर उठाकर जलती गाड़ी में फेंक दिया। बुरी तरह झुलसे ड्राइवर की उपचार के दौरान मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: गुना हत्याकांड : गार्ड ऑफ ऑनर के साथ आरक्षक को दी अंतिम विदाई, आरोपियों के घर पर चला बुलडोजर
पिकअप ने 8 साल की बच्ची को रौंदा
पुलिस के मुताबिक, ये मामला शुक्रवार देर शाम का है। पिकअप वाहन ग्राम छोटी पोल के बरझर फाटक से गुजर रहा था। इस दौरान उसने 8 साल की बच्ची कांजी पिता राकेश को रौंद दिया। इसमें बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इससे गुस्साए आसपास के लोगों ने ड्राइवर मगन सिंह पिता मान सिंह (37) की गलती बताते हुए उसे पीटना शुरू कर दिया और वाहन में आग लगा दी। इसके बाद उन्होंने ड्राइवर को उठाकर जलते वाहन में फेंक दिया।
अस्पताल ले जाते समय ड्राइवर की मौत
आग में ड्राइवर बुरी तरह झुलस गया। सूचना मिलने पर आजादनगर पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को शासकीय अस्पताल चंद्रशेखर आजादनगर पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे बड़ौदा रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसने ने दम तोड़ दिया। मामले में आजादनगर पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
आजादनगर पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कर रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया जाता है कि मगन सिंह मूल रूप से ग्राम सिंधी का रहने वाला था। गांव में विवाद के कारण वह ग्राम जामली जोबट में रह रहा था। परिवार में माता-पिता, तीन बच्चे व पत्नी हैं।