
पणजी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (6 फरवरी) गोवा दौरे पर हैं। जहां गोवा पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) सी सर्वाइवल सेंटर का उद्घाटन किया। इसमें समुद्री रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें हर साल 10 से 15 हजार लोगों को ट्रेन किया जाएगा। इसके बाद पीएम मोदी ने ‘इंडिया एनर्जी वीक 2024’ के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। आइए जानते हैं पीएम मोदी ने किन मुद्दों पर की बात। देखें VIDEO…
भारत एनर्जी का तीसरा सबसे बड़ा कंज्यूमर : PM मोदी
पीएम ने इस कार्यक्रम में कहा कि, भारत एनर्जी का तीसरा सबसे बड़ा कंज्यूमर है। भारत न सिर्फ अपनी जरूरतें पूरी कर रहा है, बल्कि विश्व के विकास की दिशा को भी तय कर रहा है। हमने इस वित्तीय वर्ष में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर 10 हजार करोड़ रुपए खर्च करने का संकल्प लिया है। इसका बड़ा हिस्सा एनर्जी सेक्टर के लिए है। इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में रेलवे, वाटरवेज, एयरवेज, हाउसिंग बढ़ेंगे, जिनके लिए एनर्जी की जरूरत होगी।
2045 तक भारत की ऊर्जा की दोगुनी हो जाएगी मांग
प्रधानमंत्री ने कहा – LNG के ऑटोमोबाइल मार्केट, इसके एक्सपोर्ट और रिफाइनिंग के मामले में भारत दुनिया में चौथे स्थान पर है। इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) की मांग लगातार बढ़ रही है। अनुमान लगाया है कि, 2045 तक भारत की ऊर्जा की मांग दोगुनी हो जाएगी।
हम 21वीं सदी का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रहे : PM
मोदी ने आगे कहा, भारत देश के हर कोने में अफोर्डेबल एनर्जी को इंश्योर कर रहा है। भारत में बीते दो सालों में पेट्रोल-डीजल के दाम कम हुए हैं। भारत ने 100% इलेक्ट्रिसिटी कवरेज हासिल करते हुए बिजली को हर घर तक पहुंचाया है। ऐसे ही प्रयासों के चलते भारत बिजली के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत न सिर्फ अपनी जरूरतें पूरी कर रहा है, बल्कि विश्व के विकास की दिशा भी तय कर रहा है। आज भारत अपने यहां 21वीं सदी का आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बना रहा है।
वर्ल्ड की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत बनेगा : PM
पीएम ने कहा- ‘इस वित्त वर्ष के पहले 6 महीनों में भारत की GDP दर 7.5 फीसदी से अधिक हो गई है। भारत आज वर्ल्ड की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। हाल ही में IMF ने भी ये भविष्यवाणी करते हुए कहा कि, भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज पूरी दुनिया के लोग ये मान रहे हैं कि भारत जल्द वर्ल्ड की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।’
6 से 9 फरवरी तक चलेगा भारत ऊर्जा सप्ताह
‘इंडिया एनर्जी वीक 2024’ गोवा में 6 फरवरी से 9 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। यह भारत की सबसे बड़ी और एकमात्र सर्वव्यापी ऊर्जा प्रदर्शनी और सम्मेलन है।
क्या है इंडिया एनर्जी वीक ?
इंडिया एनर्जी वीक 2024 का मक्सद एनर्जी आवश्यकताओं में आत्मनिर्भरता हासिल करना है। इस क्षेत्र में काम कर रहे स्टार्टअप को प्रोत्साहन देना और उन्हें एनर्जी वैल्यू की चेन में लाना है।
17 देशों के ऊर्जा मंत्री ने लिया हिस्सा
इस कार्यक्रम में 17 देशों के ऊर्जा मंत्री सहित ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े 35 हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। वहीं 900 से ज्यादा लोगों ने अपने सामान की प्रदर्शनी लगाई। इस कार्यक्रम में कनाडा, जर्मनी, नीदरलैंड, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका के पवेलियन बनाए गए हैं। यहां पर देश के माइक्रो, स्मॉल और मीडियम इंटरप्राइजेज (MSME) ऊर्जा क्षेत्र में किए गए इनोवेशन का प्रदर्शन हुआ। इसी के साथ कार्यक्रम में Make in India पवेलियन का भी आयोजन किया जा रहा है।