Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

77वां स्वतंत्रता दिवस समारोह : PM मोदी का लाल किले से बड़ा ऐलान- अगले साल मैं फिर आऊंगा, बोले- राजनीति से परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की मुक्ति जरूरी

Follow on Google News
77वां स्वतंत्रता दिवस समारोह : PM मोदी का लाल किले से बड़ा ऐलान- अगले साल मैं फिर आऊंगा, बोले- राजनीति से परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की मुक्ति जरूरी
नई दिल्ली। देश आज 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरा राष्ट्र देशभक्ति से लबरेज है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर 10वीं बार तिरंगा फहराया। इस दौरान 21 तोपों की सलामी दी गई। पीएम ने 90 मिनट की स्पीच दी। पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए तीन गारंटियां दीं। इसके साथ ही राजनीति से परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण जैसी तीन बुराइयों से मुक्ति की अपील की।

पीएम ने देशवासियों को दी 3 गारंटी

  • पहली- भारत अगले 5 वर्षों में दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बनाएगा।
  • दूसरी- शहरों में किराए के मकानों में रहने वालों को बैंक लोन में रियायत मिलेगी।
  • तीसरी- देशभर में 10 हजार से बढ़ाकर 25 हजार जनऔषधी केंद्र खोले जाएंगे।

पीएम ने मणिपुर हिंसा का किया जिक्र

पीएम मोदी ने मणिपुर हिंसा का जिक्र करते हुए कहा, पिछले दिनों में मणिपुर में हिंसा का दौर चला। कई लोगों को अपना जीवन खोना पड़ा। मां बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ हुआ, लेकिन आज वहां स्थिति सामान्य हो रही, शांति लौट रही। देश मणिपुर के लोगों के साथ है। राज्य और केंद्र सरकार मिलकर इन समस्याओं के समाधान के लिए भरपूर प्रयास कर रही हैं। शांति से ही इसका रास्ता निकलेगा।

PM मोदी का संबोधन

जनसंख्या में भी हमारा देश नंबर वन: पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा, दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और अब जनसंख्या की दृष्टि से भी हम नंबर एक देश हैं। इतना बड़ा देश, मेरे परिवार के 140 करोड़ सदस्य आज स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। कोटि-कोटि जनों को देश और दुनिया में भारत को प्यार करने वाले, सम्मान करने वाले कोटि-कोटि जनों को मैं इस पर्व की अनेक अनेक शुभकामनाएं देता हूं। स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान देने वालों को नमन : मेरे परिवारजन पूज्य बापू के नेतृत्व में जिन लोगों ने बलिदान दिए, ऐसे अनगिनत वीरों को मैं नमन करता हूं। उस पीढ़ी में शायद ही कोई व्यक्ति होगा, जिसने अपना योगदान न दिया होगा। जिन-जिन ने योगदान दिया है, बलिदान दिया है, त्याग किया है, तपस्या की है। उन सभी को आदर पूर्वक नमन करता हूं। प्राकृतिक आपदा का सामना करने वालों को किया याद : इस बार प्राकृतिक आपदा ने देश के कई हिस्सों में अकल्पनीय संकट पैदा कर दिया है। मैं इसका सामना करने वाले सभी परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। राज्य-केंद्र सरकार मिलकर उन सभी संकटों से मुक्त होकर तेजी से विकास की ओर आगे बढ़ेंगी, ये विश्वास दिलाता हूं। कालखंड के फैसले हजार साल के स्वर्णिम इतिहास लिखेंगे : मैं भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान देने वाले सभी बहादुरों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस कालखंड के फैसले हजार साल के स्वर्णिम इतिहास लिखेंगे। वीरों के इस कालखंड में कोई भूभाग ऐसा नहीं था...कोई समय ऐसा नहीं था जब उन्होंने देश की आजादी के लौ को जलता न रखा हो। मां भारती बेड़ियों से मुक्त होने के लिए उठ खड़ी हुई थीं। जंजीरों को झकझोर रहीं थीं। देश की नारी शक्ति से लेकर कोई हिंदुस्तानी ऐसा नहीं था जो आजादी के सपने को लेकर जीता न हो। त्याग और तपस्या का वो व्यापक रूप एक नए विश्वास जगाने वाला वो पल आखिरकार 1947 में देश में आजाद हुआ। हम जो भी फैसला करेंगे, वह स्वर्णिम इतिहास को जन्म देगा : आज हमारे पास जन सांख्यिकी, लोकतंत्र और विविधता है - ये तीनों मिलकर देश के सपनों को साकार करने की क्षमता रखते हैं। मैं पिछले 1000 वर्षों की बात इसलिए कर रहा हूं क्योंकि मैं देख रहा हूं कि देश के सामने एक बार फिर अवसर है। अभी हम जिस युग में जी रहे हैं इस युग में हम जो करेंगे, जो कदम उठाएंगे और एक के बाद एक जो निर्णय लेंगे, वह स्वर्णिम इतिहास को जन्म देगा। हम जो भी फैसला करेंगे, वो 1000 साल तक हमारे भाग्य को लिखने वाला है। मैं देश के बेटे बेटियों को कहना चाहूंगा, जो सौभाग्य आज मिला है, शायद ही किसी का नसीब होता है, जिसे ये मिला हो। इसे गंवाना नहीं है। मुझे युवा शक्ति पर भरोसा है। आज मेरे युवाओं ने दुनिया में तीन पहले स्टार्टअप इकोसिस्टम में स्थान दिला दिया है। दुनिया को भारत की इस ताकत को देखते हुए अचंभा हो रहा है। देश में अवसरों की कोई कमी नहीं है। देश में अनंत अवसर प्रदान करने की क्षमता है। भू-राजनीति की परिभाषा बदल रही है : कोविड-19 महामारी के बाद एक नई विश्व व्यवस्था, एक नया भू-राजनीतिक समीकरण बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। भू-राजनीति की परिभाषा बदल रही है। आज नई विश्व व्यवस्था को आकार देने में 140 करोड़ लोगों की क्षमता देखी जा सकती है। सुधार, निष्पादन और परिवर्तन से देश बदल रहा है। G20 शिखर सम्मेलन का किया जिक्र : आज भारत को G20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। बीते वर्ष में जिस प्रकार भारत के कोने-कोने में G20 के अनेक आयोजन हुए, उससे दुनिया को भारत के सामान्य जन के सामर्थ्य, भारत की विविधता का परिचय हुआ है। भ्रष्टाचार के राक्षस ने देश को अपनी गिरफ्त में ले लिया था : 2014 में जब हम सत्ता में आए तो वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में हम 10वें स्थान पर थे। आज 140 करोड़ भारतीयों के प्रयास से हम वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। यह ऐसे ही नहीं हुआ जब भ्रष्टाचार के राक्षस ने देश को अपनी गिरफ्त में ले लिया था तब हमने इसे रोका और एक मजबूत अर्थव्यवस्था बनाई। 2014 में आपने मजबूत सरकार बनाई। 2019 में आपने सरकार फॉर्म की, तो मोदी में रिफॉर्म की हिम्मत आई। हमने देश में महंगाई पर काबू पाने के लिए कई कदम उठाए हैं और इस दिशा में हमारा प्रयास जारी रहेगा। विश्वकर्मा योजना : पीएम मोदी ने कहा, मेरे परिवारजनों जब 13.5 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकलते हैं, तो कैसी कैसी योजनाएं मिली हैं। पीएम स्वानिधी योजना, आवास योजना से लाभ मिला है। सरकार अगले महीने पारंपरिक कौशल वाले लोगों के लिए 13,000 से 15,000 करोड़ रुपए के आवंटन के साथ विश्वकर्मा जयंती (17 सितंबर) पर विश्वकर्मा योजना शुरू करेगी। पूरी दुनिया ने महंगाई को दबोच रखा है : प्रधानमंत्री बोले कि पूरी दुनिया ने महंगाई को दबोच रखा है। हम सामान तो आयात करते हैं, हमारा दुर्भाग्य है कि महंगाई भी आयात करनी पड़ती है। भारत ने महंगाई को नियंत्रित रखने के लिए भरसक प्रयास किए हैं। पिछले कालखंड की तुलना में हमें सफलता मिली है। हम इतने से नहीं मान सकते, महंगाई को कम से कम रखने के लिए कदम उठाने होंगे। मेरा प्रयास निरंतर जारी रहेगा। आज भारत आत्मविश्वास से भरा है : 25 साल से देश में चर्चा चल रही थी कि नया संसद भवन बनेगा। यह मोदी है जिसने समय के पहले संसद बनाकर रख दिया। यह एक ऐसी सरकार है जो काम करती है, जो निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करती है। ये नया भारत है। यह एक ऐसा भारत है जो आत्मविश्वास से भरा है...ये भारत ना रुकता है, ना थकता है, ना हंफ्ता है और ना ही हारता है। महिला नेतृत्व वाला विकास देश को आगे ले जाएगा : एक चीज जो देश को आगे ले जाएगी वह है महिला नेतृत्व वाला विकास। आज हम गर्व से कह सकते हैं कि नागरिक उड्डयन में सबसे ज्यादा पायलट भारत में हैं। चंद्रयान मिशन का नेतृत्व महिला वैज्ञानिक कर रही हैं। जी20 देश भी महिला नेतृत्व वाले विकास के महत्व को पहचान रहे हैं। मेरे परिवारजनों भारत लोकतंत्र की जननी है। भाषाएं अनेक हैं। हमें आगे बढ़ना है। हमारी बेटियों पर अत्याचार न हो ये हमारा समाजिक और परिवारिक दायित्व है। पीएम मोदी ने कहा, मेरा सपना देश में दो करोड़ लखपति दीदी बनाने का है। वाइब्रेंट बॉर्डर देश का आखिरी नहीं पहला गांव : वाइब्रेंट बॉर्डर गांव को देश का आखिरी गांव कहा जाता था। हमने वह मानसिकता बदल दी। वह देश का आखिरी गांव नहीं हैं। आप सीमा पर जो देख सकते हैं वह मेरे देश का पहला गांव है...मुझे खुशी है कि इस कार्यक्रम के विशेष अतिथि इन सीमावर्ती गांवों के 600 प्रधान हैं। वे यहां लाल किले पर इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने आए हैं। 2047 में देश एक विकसित भारत होगा : अगले 25 साल में हमें एकता के मंत्र के साथ आगे बढ़ना है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि 2047 में जब देश आजादी के 100 वर्ष मनाएगा तो देश एक विकसित भारत होगा। मैं यह बात अपने देश की क्षमता और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर कहता हूं...लेकिन समय की मांग तीन बुराइयों से लड़ने की है - भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकर। विपक्ष पर साधा निशाना : आज परिवारवाद और तुष्टीकरण ने हमारे देश को बर्बाद कर दिया है। किसी राजनीतिक दल का प्रभारी केवल एक ही परिवार कैसे हो सकता है? उनके लिए उनका जीवन मंत्र है- परिवार की पार्टी, परिवार द्वारा और परिवार के लिए। अगले पांच साल अभूतपूर्व विकास के : 2019 में प्रदर्शन के आधार पर आपने मुझे एक बार फिर आशीर्वाद दिया...अगले पांच साल अभूतपूर्व विकास के हैं। 2047 के सपने को साकार करने का सबसे बड़ा स्वर्णिम क्षण आने वाले पांच साल हैं। अगली बार 15 अगस्त को इसी लाल किले से देश की उपलब्धियों और विकास को आपके सामने रखूंगा। अगली 15 अगस्त को फिर आउंगा। मैं आपके लिए ही जीता हूं। मैं अगर पसीना बहाता हूं तो आपके बहाता हूं। क्योंकि आप ही मेरा परिवार है। मैं आपका दुख नहीं देख सकता।

पीएम ने फहराया तिरंगा

PM मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से लगातार 10वीं बार तिरंगा फहराया। https://twitter.com/psamachar1/status/1691275227768991744?t=5LkQ2mU9MfmVZYGVdImmPQ&s=08

राजघाट पर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

पीएम मोदी ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। [caption id="attachment_85235" align="aligncenter" width="600"] पीएम मोदी राजघाट पहुंचे और बापू को श्रद्धांजलि दी।[/caption]

पीएम ने ट्वीट कर दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह करीब 6 बजे सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों को स्‍वतंत्रता दिवस पर बधाई दी। पीएम ने ट्वीट कर लिखा- आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं। आइए, इस ऐतिहासिक अवसर पर अमृतकाल में विकसित भारत के संकल्प को और सशक्त बनाएं। जय हिंद! https://twitter.com/narendramodi/status/1691246283095494656?s=20
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts