
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक फुटबॉल मैच के दौरान एक हादसा हो गया। यहां आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक खिलाड़ी भी शामिल है। जानकारी के मुताबिक, घायलों में ज्यादातर दर्शक थे। घटना रविवार को नुआगांव प्रखंड के बनीलाटा में एक स्थानीय फुटबॉल मैच के दौरान हुई।
कई खिलाड़ी और दर्शक घायल
यह घटना ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से लगभग 350 किलोमीटर दूर जिले के नुआगांव ब्लॉक के बनीलाटा में एक स्थानीय फुटबॉल मैच के दौरान हुई। अधिकारियों ने बताया कि, मैदान में फुटबॉल मैच चल रहा था। उसी दौरान अचानक आसमान में बादल छा गए और बारिश होने लगी। खिलाड़ी कवर लेने के लिए दौड़ रहे थे कि उसी समय आकाशीय बिजली गिर गई। इससे दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई खिलाड़ी और दर्शक घायल हो गए।
सबसे अधिक बिजली गिरने वाला राज्य है ओडिशा
ओडिशा देश में सबसे अधिक बिजली गिरने वाला राज्य है। पिछले दो दशकों में 21.73 लाख आकाशीय बिजली गिरने की घटना का दावा किया गया है। इसमें 5,706 लोगों की जान गई है। 2001, 2017 और 2018 को छोड़कर 2000 और 2020 के बीच हर साल ओडिशा में 10,000 से अधिक घटनाएं सामने आई हैं।