ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

BJP मुख्यालय में मंत्रियों की अहम बैठक, CM शिवराज, मुरलीधर राव और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हुए शामिल

भोपाल। बीजेपी संगठन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में रविवार सुबह एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुरलीधर राव सहित भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी और शिवराज कैबिनेट के कई मंत्री शामिल हुए। बता दें कि सीएम शिवराज सिंह चौहान का जन्‍मदिन भी है।

बूथ विस्तार अभियान की रणनीति पर हुई चर्चा

करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में बूथ विस्तार अभियान की रणनीति को लेकर विशेष तौर पर चर्चा हुई। भाजपा का बूथ विस्‍तार अभियान 14 मार्च शुरू हो रहा है। मंत्रियों के साथ बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में लगाया शीशम और चीकू का पौधा। बैठक से पहले सीएम शिवराज का पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश सह प्रभारी डॉ. रामशंकर कठेरिया, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद वीडी शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने उन्हें शुभकामनाएं देकर उनका अभिनंदन किया।

मंत्रियों को प्रवास पर रहने के निर्देश दिए

मंत्रियों को प्रभार के जिलों में ज्यादा से ज्यादा प्रवास पर रहने के संगठन ने निर्देश दिए है। विकास प्राधिकरणों को लेकर भी जल्द बड़ा बदलाव हो सकता है। बैठक में निगम, मंडलों में उपाध्यक्ष अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर भी चर्चा हुई है। विधानसभा सत्र के बाद बड़ा फैसला हो सकता है। मंत्रियों ने बैठक में अपनी परेशानियां भी बताई। कहा कि- प्रभार के जिले काफी दूरी पर है इसलिए प्रवास के लिए समय नहीं मिलता। बूथ विस्तारक योजना में मंत्रियों को जमीनी स्तर पर उतरकर काम करना होगा।

जिलाध्यक्षों की सहमति के बिना कार्यक्रम नहीं होंगे

केंद्रीय संगठन ने मंत्रियों के लिए आगामी बड़े कार्यक्रम तय किए हैं। मंत्रियों के परफॉर्मेंस रिपोर्ट कार्ड को लेकर भी चर्चा हुई है। बैठक की सबसे बड़ी खबर यह है कि जिलाध्यक्षों की सहमति के बिना अब जिलों में संगठन के कार्यक्रम नहीं होंगे। मंत्रियों को आवश्यक रूप से निर्देश दिए गए कि जिलाध्यक्षों से तालमेल बनाकर कार्यक्रम करने से पहले उनकी सहमति लें। मंत्रियों को बूथ विस्तारक योजना, जमीन पर उतरकर ही जनता के बीच लेकर आने के सीधे निर्देश दिए है।

कोर ग्रुप की बैठक के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को जन्मदिन की बधाई दी।

शनिवार को हुई थी कोर ग्रुप की मीटिंग

वहीं शनिवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भोपाल पहुंचे थे। कोर ग्रुप की बैठक शाम 6 बजे शुरू हुई थी। बैठक में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी शामिल हुए।

प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में पार्टी नेताओं ने तय किया कि जिन स्थानों पर भाजपा कमजोर स्थिति में है, वहां स्थानीय स्तर पर कांग्रेस के छोटे नेताओं को पार्टी में शामिल कराया जाए। ऐसे नेताओं के बारे में संगठन स्तर से नाम प्रदेश को भेजे जाएंगे। इसमें पंचायत या नगरीय निकाय के प्रतिनिधियों को भाजपा में लाने की तैयारी चल रही है।

मध्य प्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button