रिहायशी इलाकों में 'गैस बम' का कारोबार!कालीबिल्लौद में धड़ल्ले से चल रही अवैध LPG रिफिलिंग का कारोबार

बेटमा। बेटमा थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीबिल्लौद में रिहायशी इलाकों के बीच अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग का कारोबार धड़ल्ले से संचालित होने का मामला सामने आया है। मुख्य सड़क, भोजपुर कॉलोनी, जीवन ज्योति कॉलोनी सहित क्षेत्र के करीब 10 से 15 स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों से छोटे-बड़े सिलेंडरों में गैस भरने का कार्य खुलेआम किए जाने की जानकारी मिली है। आबादी के बीच बिना किसी सुरक्षा मानकों के संचालित यह कारोबार कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में ऐसे कई स्थान बताए जा रहे हैं, जहां लंबे समय से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभागों तक कई बार इसकी जानकारी पहुंचने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
बर्तन दुकानों की आड़ में भी हो रहा कारोबार
इतना ही नहीं, क्षेत्र में कुछ लोग बर्तन की दुकानों की आड़ में भी अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार संचालित कर रहे हैं। दिन में बर्तन, गैस चूल्हे और घरेलू उपयोग के सामान की बिक्री की आड़ में पीछे या दुकान के भीतर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों से छोटे-बड़े सिलेंडरों में गैस ट्रांसफर किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमित जांच के अभाव में यह अवैध कारोबार लगातार फल-फूल रहा है।
सूत्रों के अनुसार इन स्थानों पर इंडियन, भारत गैस और एचपी गैस के घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे-बड़े सिलेंडरों में भरी जा रही है। गैस सिलेंडर ₹2200 से ₹2500 तक में बेचे जाने की जानकारी है। बिना अधिकृत अनुमति और सुरक्षा उपकरणों के एलपीजी गैस की रिफिलिंग करना गैस सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि रिहायशी क्षेत्रों में इस प्रकार गैस ट्रांसफर के दौरान थोड़ी सी चूक भी आग या विस्फोट जैसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, जिससे आसपास के परिवारों की जान-माल खतरे में पड़ सकती है।
यह भी पढ़ें: बेटमा : नायब तहसीलदार महेंद्र सिंह गौड़ बने तहसीलदार, पदोन्नति पर क्षेत्र में खुशी
खाद्य विभाग ने जांच के दिए निर्देश
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अंकुर गुप्ता ने बताया, रिहायशी इलाके में गैस रिफिलिंग की सूचना मिली है। जल्द ही मामले की जांच कराई जाएगी। यदि अवैध गैस रिफिलिंग की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी बोले दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी
बेटमा थाना प्रभारी मीना कर्णावत ने कहा, "खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अवैध गैस रिफिलिंग पाई जाती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रवासियों ने की संयुक्त अभियान चलाने की मांग
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, पुलिस प्रशासन तथा संबंधित गैस कंपनियों से कालीबिल्लौद क्षेत्र में संचालित सभी अवैध गैस रिफिलिंग केंद्रों पर संयुक्त अभियान चलाकर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस खतरनाक कारोबार पर रोक नहीं लगी तो रिहायशी क्षेत्र में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खबर में दोनों जिम्मेदार विभागों द्वारा जांच और संयुक्त कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।












