बहराइच में मगरमच्छ का आतंक,12 साल के बच्चे को जिंदा खा गया; VIDEO वायरल

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घाघरा नदी के किनारे हाथ-पैर धो रहे 12 वर्षीय बच्चे पर अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। बच्चे ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की और उसके चाचा भी नदी में कूद पड़े, लेकिन मगरमच्छ उसे गहरे पानी में खींच ले गया। कई घंटे की तलाश के बाद बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी पुष्टि स्थानीय पुलिस ने की है।
धान की रोपाई के बाद हुआ हादसा
यह घटना बौंडी थाना क्षेत्र की टिकुरी गांव की है। सुनील अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ खेत में धान की रोपाई करने गया था। काम खत्म होने के बाद दोनों घाघरा नदी पर हाथ-पैर धोने पहुंचे। इसी दौरान नदी से निकले मगरमच्छ ने अचानक सुनील पर हमला कर दिया और उसका पैर जबड़े में दबोच लिया। बच्चे ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ लगातार उसे पानी के भीतर खींचता रहा। मौके पर मौजूद चाचा और आसपास के ग्रामीणों ने ईंट-पत्तर फेंककर और शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ ने उसे नहीं छोड़ा।
चाचा बोले- सात मिनट तक पकड़कर रखा, फिर भी नहीं बचा पाया
सुनील के चाचा विजय राज सिंह ने बताया कि उन्होंने भतीजे को बचाने के लिए तुरंत नदी में छलांग लगा दी और उसका हाथ पकड़ लिया। उन्होंने करीब सात मिनट तक पूरी ताकत से उसे मगरमच्छ से छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ उसे गहरे पानी में ले गया। उन्होंने बताया कि कुछ समय बाद जब शव मिला तो उसका एक पैर और कमर के नीचे का हिस्सा मगरमच्छ खा चुका था।
पांच घंटे तक चला तलाश अभियान
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। पहले बांस के डंडों की मदद से और बाद में अंधेरा होने पर टॉर्च की रोशनी में तलाश अभियान जारी रखा गया। करीब पांच घंटे बाद रात लगभग 10 बजे घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर नदी में बच्चे का शव मिला। पुलिस ने शुक्रवार सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
माता-पिता नहीं रहे, चाचा के साथ रहता था बच्चा
मृतक सुनील चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता बुधराज का पांच वर्ष पहले और मां का सात वर्ष पहले बीमारी के कारण निधन हो चुका था। माता-पिता की मौत के बाद वह अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ रह रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है।
वन विभाग और पुलिस ने की पुष्टि
बौंडी थाना प्रभारी टी.एन. मौर्या ने घटना और वायरल वीडियो की पुष्टि की है। वहीं वन रेंजर साकिब अंसारी ने बताया कि मगरमच्छ के हमले में बच्चे का दाहिना पैर और कमर के नीचे का हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था। गांव के प्रधान संजय कुमार त्रिवेदी ने कहा कि चाचा और ग्रामीणों ने बच्चे को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ के हमले के सामने वे सफल नहीं हो सके।












